पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करेंगी। इस दौरान बंगाल सीएम नवीन को लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों के नए गठबंधन में शामिल होने का प्रस्ताव दे सकती हैं। अभी इसमें सिर्फ सपा और TMC ही साथ आए हैं।
17 मार्च को अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से कोलकाता में उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान ममता और अखिलेश ने BJP और कांग्रेस दोनों से दूरी बनाने का फैसला किया। इस मीटिंग के बाद अखिलेश ने कहा था कि भगवा खेमे को हराने के लिए सपा मजबूती से TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ खड़ी रहेगी।
अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि बंगाल में हम ममता दीदी के साथ हैं। हम भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग ‘BJP वैक्सीन’ लगवा लेते हैं, उन्हें CBI, ED या IT से कोई फर्क नहीं पड़ता। संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी कोई भी बलिदान देने को तैयार है। अगर हम UP में भाजपा को हरा सकते हैं, तो पूरे देश में भाजपा को हराया जा सकता है।
पहले भी ममता की तारीफ कर चुके हैं अखिलेश
UP के पूर्व CM अखिलेश यादव ने भाजपा पर देश की संपत्ति को बेचने का आरोप भी लगाया। इससे पहले एक कार्यक्रम में अखिलेश 2021 के विधानसभा चुनाव में BJP को हराने के लिए ममता की तारीफ कर चुके हैं।
बता दें कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार शाम को ओडिशा पहुंची थीं। बुधवार को उन्होंने पुरी में जगन्नाथ मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद ममता ने बंगाल से जगन्नाथ पुरी आने वालों के लिए गेस्ट हाउस बनाने के लिए जमीन भी देखी थी।