18 फरवरी यानी शनिवार को देशभर में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जाएगी। इस पर्व पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। महाकाल मंदिर समिति का दावा है कि करीब एक घंटे में भक्तों को दर्शन करा दिए जाएंगे। अगर आप भी महाशिवरात्रि पर महाकाल के दर्शनों के लिए आने वाले हैं, तो तैयारियों को जान लीजिए, जिससे आपको परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जैसे- कहां पर आप वाहन पार्क कर सकेंगे। मंदिर तक पहुंचने में कितना समय लग सकता है। … तो जानते हैं महाशिवरात्रि से जुड़ा पूरा प्लान …
महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद महाकाल मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार महाशिवरात्रि पर यहां आने वाले भक्तों की संख्या का रिकॉर्ड टूटेगा। खास है कि इस बार महाकाल मंदिर के पट सुबह खुलने के बाद से ही आम श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो जाएंगे।
इस दौरान भक्त चलित भस्म आरती के दर्शन करते हुए तीन अलग-अलग द्वार से बाहर होंगे। रात 10 बजे गर्भगृह में विशेष पूजन अर्चन शुरू होगा, जिसमें महाकाल को दूल्हा बनाया जाएगा। इससे पहले पंडे-पुजारी दूध, दही, घी, शहद सहित विभिन्न फलों के रस से महाकाल का अभिषेक करेंगे।