नवरात्र पर्व आते ही श्रद्धालु भक्तगण मातारानी की उपासना में लग जाते हैं, नवरात्र पर्व प्रारंभ होने के पूर्व ही भक्तों द्वारा मातारानी के दर्शन के लिए सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा करना प्रारंभ कर दिया गया है। वारासिवनी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कायदी के भक्तों द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ के लिए पदयात्रा निकाली गई है। करीब 1 सैकड़ा की संख्या में भक्तों द्वारा शुक्रवार को कायदी स्थित मां शीतला मंदिर से यह पदयात्रा प्रारंभ की गई, भक्त मातारानी के जयकारे लगाते हुए डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुए।
पदयात्रा करते हुए बालाघाट जिला मुख्यालय पहुंचे भक्त जगदीश प्रसाद चामलाटे ने बताया कि यह जत्था मां बमलेश्वरी मंदिर में मातारानी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जा रहा हैं। उनके द्वारा निकाली गई पदयात्रा का यह लगातार 13 वा वर्ष है, मातारानी का आशीर्वाद प्राप्त करने जन कल्याण की कामना के साथ वे हर वर्ष मां बमलेश्वरी मंदिर पदयात्रा करते हुए जाते हैं।










































