मेहंदी छूटने से पहले पति पत्नी की एक साथ उठी अर्थी !

0

लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। मुख्यालय से लगभग ४ किमी. दूर बालाघाट-सिवनी राज्य मार्ग क्रमांक ७२ पर स्थित ग्राम पाथरशाही से सिहोरा के बीच नाले के पास ४ जुलाई को रात्रि ८ बजे सिवनी की ओर जा रहे अज्ञात डम्पर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक तेज गति से वाहन चलाते हुए लालबर्रा की ओर आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी एवं फरार हो गया जिससे घटनास्थल पर मोटरसाइकिल चला रहे एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई वहीं मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसको तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रपहुंचाया गया जिसकी बाद में जिला अस्पताल में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बरघाट अंतर्गत ग्राम पांडरवानी निवासी मृतक २७ वर्षीय योगेश पिता घनश्याम मेश्राम अपनी पत्नी २५ वर्षीय लक्ष्मी बाई के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी २२ एम ४०४० से लालबर्रा की ओर आ रहा था तभी सिवनी की ओर जा रहे अज्ञात डम्पर चालक ने तेज रफ्तार से लापरवाही वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी जिसमें नीचे गिरे योगेश मेश्राम के सिर के ऊपर से डम्पर का चका चला गया जिससे मौके पर ही योगेश की मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना के बाद डम्पर चालक फरार हो गया वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीबाई को १०८ एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से उसे जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया एवं जिला अस्पताल पहुंचते ही उसकी भी मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ५ जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा में मृतक योगेश मेश्राम के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया वहीं पत्नी लक्ष्मीबाई के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में किया गया। पद्मेश से चर्चा में मृतक योगेश के पिता घनश्याम मेश्राम ने बताया कि गत २४ मई २०२१ को मोहगांव(ध) निवासी लक्ष्मीबाई के साथ उनके बेटे का विवाह संपन्न हुआ है जिसके पश्चात वह अपनी पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था तभी यह दुर्घटना हो गई। इस मामले में पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी वारासिवनी निवासी ५७ वर्षीय अरविंद पिता राजकुमार शुक्ला की रिपोर्ट पर अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ भादंवि की धारा ३०४ व मोटर व्हीकल एक्ट की धारा १८३, १८४, १३४ क/१७७ के तहत अपराध पंजीबध्द किया है, इस मामले की कायमी सहायक उपनिरीक्षक सतेंद्र पटले के द्वारा की गई है एवं विवेचना कार्यवाहक निरीक्षक संदीप सिंह मंगोलिया कर रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here