कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने के लिए बीते कई दिनों से अभियान चलाया जा रहा है इसी कड़ी में 17 नवंबर को दक्षिण बैहर के अंतर्गत आने वाले मोहनपुर सहित अन्य स्कूलों का कलेक्टर से मिश्रा द्वारा निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान मोहनपुर स्कूल सहित आसपास के स्कूलों में अनियमितता के मामले में मोहनपुर की प्राचार्य सी के मेश्राम को निलंबित करने के साथ ही 10 शिक्षकों की एक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए गए थे।
गुरुवार को जैसे ही यह बात ग्रामीणों को पता चली उनके द्वारा पालक शिक्षक संघ के सदस्य ग्रामीण और छात्रों ने मिलकर प्राचार्य के निलंबन के आदेश को वापस लेने के लिए विरोध का मोर्चा खोल दिया गया। इस दौरान छात्रों ने खुलकर यह एक ही बात कही कि हर कार्यवाही गलत है उनकी प्राचार्य बहुत अच्छी है उनके यहां पदस्थापना के बाद से स्कूल की व्यवस्था बेहतर हुई है।
छात्र छात्राओं के साथ मौजूद पालक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब से इस स्कूल में प्राचार्य मैडम और शिक्षक लोग पदस्थ हुए हैं तब से हमें इनके बारे में कोई शिकायत नहीं आई है। हमारे बच्चों द्वारा हर समय शिक्षकों की प्रशंसा की गई और पढ़ाई अच्छी होना ही बताया गया। शिक्षक लोग रोजाना समय पर ही स्कूल आते हैं और पढ़ाते हैं, हमारा यही कहना है जिला प्रशासन से शिक्षकों की वेतन वृद्धि न रोकी जाएं और प्राचार्य का निलंबन भी रोका जाना चाहिए।
इसके संबंध में कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा से मोबाइल पर चर्चा करने का काफी प्रयास किया गया लेकिन फोन रिसीव नहीं किए जाने के कारण उनसे बात नहीं हो सकी।










































