यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद में शुक्रवार को इजरायली पुलिस के साथ झड़प में करीब 117 फिलिस्तीनी घायल हो गए। पुलिस के सुबह की नमाज के दौरान मस्जिद परिसर में घुसने के बाद झड़पें शुरू हो गईं। इस हिंसक घटना में जख्मी हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है।
नकाबपोश लोग मस्जिद में जमा हुए
इस बीच इजराइली अधिकारियों ने दावा किया कि नकाबपोश लोग मस्जिद के अंदर जमा हो गए थे। हिंसा की आशंका में पत्थर और अन्य वस्तुओं का भंडार कर रहे थे। उन्होंने कहा, पुलिस ने हिंसा रोकने के लिए परिसर में प्रवेश किया था।
वायरल हो रहा वीडियो
वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें फिलिस्तीनियों को पुलिस पर पत्थर फेंकते हुए दिखाया गया है। वहीं पुलिस ने आंसू गैस और हथगोले दागे हैं। अन्य वीडियो में कुछ लोग मस्जिद के अंदर बैरिकेडिंग करते नजर आ रहे है।
इजरायल और फिलिस्तीनियों के बीच बढ़ी हिंसा
इजरायल और फिलिस्तीनियों के बीच हिंसा बढ़ती जा रही है। पिछले साल रमजान के मौके पर भी अल-अक्सा मस्जिद पर हमले हुए थे। इस्लामिक आतंकवादी समूह हमास और इजरायल के बीच युद्ध हुआ था, जो 11 दिन तक चला था। बता दें 1967 के युद्ध में इजरायल ने पूर्वी यरुशलम, अल-अक्सा और अन्य पवित्र स्थलों पर कब्जा कर लिया था। फिलिस्तीनी इजरायली कब्जे वाले शहर का भाग स्वतंत्र देश की राजधानी बनाना चाहते है। वह वेस्ट बैंक, गाजा आदि जगहों को मिलाकर एक अलग देश चाहते हैं।