पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फ़बारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग देहरादून ने गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय जिलों में भारी से लेकर बहुत अधिक भारी बारिश की आशंका जताई है। भारी बारिश और बर्फ़बारी की आशंकाओं को देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जैसे जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लु, शिमला, स्पीति जैसे इलाकों में अगले 48 घंटों तक भारी बर्फबारी की आशंका जताते हुए येलो एलर्ट जारी किया गया है।










































