रामपायली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम झालीवाड़ा के लोग शुक्रवार की शाम को एसपी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर रामकिशन गाड़े की मृत्यु मामले में प्रकरण दर्ज कर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर मामले में लिप्त लोगों पर कार्यवाही किए जाने की पुलिस प्रशासन से मांग की। परिजनों का कहना है कि उसे ग्राम के कुछ लोगों द्वारा जबरन बाथरूम में बंद किया गया था उसे करीब 1 घंटे तक बाथरूम में बंद रखा गया, पुलिस के आने पर जब बाथरूम को खोला गया तो वह फांसी लगाये हुये मृत अवस्था में मिला। आपको बताये कि इस मामले का एक वीडियो वायरल हुुआ जिसमें रामकिशन की मृत्यु के पहलेेे जो घटनाक्रम हुआ और लोगों द्वारा उसे किस प्रकार बाथरूम में बंद किया गया यह साफ दिखाई देे रहा है।
बताया जा रहा है कि 29 सितंबर की सुबह झालीवाड़ा निवासी रामकिशन गाड़े मछली का कोथरा झड़ाने नाले की ओर गया था जो सुबह के समय ग्राम के ही रामरतन बिसेन के मकान में स्थित एक बाथरूम में बंद पाया गया। इसकी सूचना लगने पर रामकिशन का पुत्र मनीष सहित अन्य लोग रामरतन के घर पहुंचे, उसे बाथरूम से निकालने का प्रयास किया गया लेकिन यह व्यक्ति कहीं भाग जाएगा कहते हुए कुछ लोगों द्वारा रामकिशन को बाथरूम में बंद कर दिया गया। उसके करीब आधा घंटे बाद हंड्रेड डायल में पदस्थ पुलिसकर्मी पहुंचे जिनके द्वारा दरवाजा खोलकर देखने पर रामकिशन उन्हें फांसी लगाया हुआ मिला। पुलिस द्वारा उसे वारासिवनी हॉस्पिटल लाया गया जहां डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गय।
वहीं दूसरे दिन इस मामले में मृतक के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और उनके द्वारा रामकिशन की मृत्यु मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में दर्ज कराई गई। परिजनों का कहना है कि रामकिशन की हत्या की गई है, पुरानी रंजिशवश गांव के कुछ लोगों द्वारा उसे रामरतन के घर में स्थित बाथरूम में जबरन बंद करके रखा गया था। इस बात की पुष्टि उस समय हुई जब उसके लड़के द्वारा आवाज लगाया गया था तब रामकिशन द्वारा कहा गया था दरवाजा नहीं खोलूंगा नहीं तो उसे मार दिया जाएगा। उसके पुत्र मनीष द्वारा घर ले जाया जा रहा था लेकिन गांव के कुछ लोगों द्वारा उसे कहीं भाग जाएगा कहते हुए बाथरूम में बंद कर दिया गया जिसके आधे घंटे बाद उनका पिता बाथरूम में फांसी पर लगा हुआ मृत अवस्था में मिला। हमें संदेह है रामकिशन की हत्या की गई है इसलिए इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए और इसमें जो दोषी है उन पर कार्यवाही किया जाए।
एसपी कार्यालय पहुंचे लोगों के अनुसार रामकिशन उस घर में चाहे चोरी के इरादे से या अन्य किसी इरादे से गया हो लेकिन यह बिल्कुल सत्य है कि उसे किसी व्यक्ति के घर के बाथरूम में बंद रखा गया था। वह अपने लड़के के साथ घर जाना चाहता था लेकिन उसे जाने नहीं दिया गया और बाथरूम में ही बंद रखा गया। इसके कारण शायद उसमें बहुत भय व्याप्त हो गया था या यह भी हो सकता है कि उसे किसी कारणवश आत्मग्लानि हुई हो, या अन्य जो भी विषय रहा हो। लेकिन यह भी कहा जा रहा है कि यदि रामकिशन को बाथरूम के अंदर बंद करके नहीं रखा गया होता तो उसकी मृत्यु नहीं होती।
इस मामले के संदर्भ में मोबाइल पर चर्चा करने पर रामपायली थाना प्रभारी सुनील बनोरिया ने बताया कि अभी तक जांच में आत्महत्या किया जाना पाया गया है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने आगे बताया कि यह व्यक्ति दूसरे के घर में घुस गया था ग्रामीणों द्वारा देखे जाने पर उसे बाथरूम में अंदर से बंद कर दिया गया था। हंड्रेड डायल के आने पर उसे बाहर निकाला गया इस व्यक्ति ने कपड़े सुखाने वाली रस्सी से फांसी लगा ली थी जिसे हंड्रेड डायल से तुरंत वारासिवनी अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर आरी ब्लेड पाया गया है, चोरी के उद्देश्य से घर में घुसा था पकड़े जाने पर शर्मिंदगी महसूस होने पर उसने फांसी लगा ली। आगे मर्ग जांच की जा रही है जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे कार्यवाही की जाएगी।










































