प्रभास और कृति सेनन की फिल्म आदिपुरुष का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही इस फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है। बीते साल अक्टूबर में इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था। जिसके बाद इस फिल्म को काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी। इस फिल्म के मेकर्स ने लोगों के रिएक्शन को गंभीरता से लेते हुए फिल्म पर काम किया। आदिपुरुष का टीजर सामने आने के बाद वीएफएक्स को लेकर नेटिजन्स ने खूब ट्रोल किया था, जिसके बाद डायरेक्टर और प्रोड्यूसर ने फिल्म को बेहतर बनाने का वादा किया था।
रिलीज से पहले ही बनाया रिकॉर्ड
अब हाल ही में रिलीज हुए आदिपुरुष के ट्रेलर को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म ने रिलीज होने से पहले ही रिकॉर्ड बनाना शुरु कर दिया है। आदिपुरुष का ट्रेलर 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला हिंदी ट्रेलर बन गया है। यूट्यूब पर आदिपुरुष ने रणबीर कपूर और यश की फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूट्यूब पर आदिपुरुष के हिंदी ट्रेलर को रिलीज के 24 घंटे के अंदर सबसे ज्यादा 52 मिलियन व्यूज मिले। इसके बाद रणबीर कपूर की फिल्म तू झूठी मैं मक्कार है, जिसे 50.96 व्यूज मिले थे। वहीं, तीसरे नंबर पर 49.02 मिलियन व्यूज के साथ यश की फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 है।










































