वैक्सीन के फायदे आम और खास जिंदगी से ताल्लुक रखने वाले तबकों से सामने नजर आ रहे हैं। ताजा उदाहरण फिल्म राइटर और डायरेक्टर रूमी जाफरी का है। मीडिया के गलियारों में रूमी जाफरी के कोविड पॉजिटिव होने की खबरें चल रही थीं। रूमी जाफरी ने बताया, “मैं जब कोविड से ठीक हो गया हूं, तब मीडिया में मेरे संक्रमित होने की खबरें आ रही हैं। मैंने वैक्सीन की दोनों डोज ली हुई थीं, उसके बाद मुझे 11 अगस्त को कोविड हुआ था।”
वैक्सीन का फायदा हुआ कि जल्द रिकवर हो गया
रूमी जाफरी ने आगे कहा, “वैक्सीन के लिए यह कहा जाता है ना कि वह 70 से 80 फीसदी तक किसी की सुरक्षा करती है। पर फायदा यह हुआ कि मैं जल्द ही कोविड से रिकवर हो गया। हिंदुस्तानी लोग मुसीबत में भी हंसते रहते हैं। डटकर मुकाबला करते हैं। ऐसे में हम लोग सरवाइव कर जाते हैं। बाकी हम लोग तो राइटर बिरादरी के लोग हैं। सारा दिन खाते हैं और आराम ही करते हैं। कम आराम किया तो कोविड हो गया था। ज्यादा आराम कर रहा तो ठीक हो गया। अभी जस्ट मैं भी हैदराबाद से मुंबई आया ही हूं। परसों अच्छे से ‘चेहरे’ रिलीज हो जाए। उसके बाद सोचूंगा अगली फिल्म कौन सी फ्लोर पर ले जानी है।”
‘चेहरे’ 27 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
बता दें कि अमिताभ बच्चन, इमरान हाशमी, रिया चक्रवर्ती और क्रिस्टल डिसूजा स्टारर फिल्म ‘चेहरे’ 27 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। संक्रमित होने पर रूमी जाफरी ने पहले एक इंटरव्यू में कहा था, “मैं अपनी बेटी की शादी के लिए हैदराबाद में था और मेरे सभी दोस्त, रणधीर कपूर, नीतू कपूर और इंडस्ट्री के कई लोगों ने मेरी बेटी की शादी अटेंड की है। ये शादी अगस्त के पहले हफ्ते में हुई थी। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं कि मैं बेटी की शादी के बाद इस संक्रमण की चपेट में आया। जो भी लोग शादी में आए थे वो सुरक्षा के साथ घर पहुंच चुके हैं। रूमी जाफरी की बेटी अलफिया की शादी हैदराबाद में हुई थी, जहां से शादी की फोटोज लगातार सोशल मीडिया पर सामने आई थीं। इस शादी में रिया चक्रवर्ती और क्रिस्टल डिसूजा भी शामिल हुए थे।










































