लश्कर के प्रॉक्सी संगठन TRF पर बैन:जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग की कई घटनाओं में शामिल, इनके कमांडर आतंकी घोषित

0

केंद्र सरकार ने लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को आतंकी संगठन घोषित कर बैन भी लगा दिया है। यह संगठन जम्मू-कश्मीर में कई टारगेट किलिंग में शामिल रहा है। गृह मंत्रालय ने गुरुवार देर रात TRF पर प्रतिबंध लगाने का नोटिफिकेशन जारी किया।

गृह मंत्रालय ने TRF के कमांडर शेख सज्जाद गुल और लश्कर कमांडर मोहम्मद अमीन उर्फ अबु खुबैब को आतंकी घोषित कर दिया है। दोनों पर यह कार्रवाई UAPA के तहत हुई है। इससे पहले सरकार ने सितंबर 2022 में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी PFI पर 5 साल के लिए बैन कर दिया था। इन सभी के खिलाफ टेरर लिंक के सबूत मिले थे।

TRF पर बैन क्यों लगा
गृह मंत्रालय ने बताया कि TRF आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ाने, आतंकियों की भर्ती, आतंकियों की घुसपैठ और पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए युवाओं की भर्ती कर रहा है। TRF साल 2019 में अस्तित्व में आया था। इस पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए जम्मू-कश्मीर के युवाओं को भारत सरकार के खिलाफ उकसाने का आरोप है।

वहीं, लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद अमीन उर्फ अबु खुबैब को आतंकवादी घोषित किया गया है। वह जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है, फिलहाल वह पाकिस्तान में है। खुबैब लश्कर-ए-तैयबा के लॉन्चिंग कमांडर के रूप में कार्य कर रहा है, उसका पाकिस्तान की एजेंसियों के साथ भी संबंध है।

TRF है क्या : लश्कर ए तैयबा का छद्म नाम

  • जम्मू कश्मीर के आतंकी संगठनों में ‘द रजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) नया नाम है। सुरक्षाबलों का मानना है कि 2019 में जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद TRF की गतिविधियां बढ़ी हैं।
  • सुरक्षा मामलों के जानकार बताते हैं कि सीमा पार से ISI हैंडलर्स ने ही लश्कर-ए-तैयबा की मदद से TRF को खड़ा किया।
  • कुछ जानकारों का कहना है कि TRF कुछ नया नहीं है बल्कि आतंकी संगठन जैश और लश्कर के कैडर्स को ही नया नाम दिया गया है। पाकिस्तान की इंटेलिजेंस एजेंसी ISI की रणनीति के तहत ये नाम बदलते रहते हैं।’
  • यहां एक रोचक बात ये है कि 1990 में जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) के गठन के बाद ये पहली बार है कि जब किसी मिलिटेंट संगठन को गैर इस्लामिक नाम दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here