लांजी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक किशोर समरीते को भरवेली थाना पुलिस द्वारा भोपाल से शनिवार की सुबह गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सूत्रों के हवाले से मिल रही है।
जानकारी यही मिल रही है कि बीते दिनों भाजपा नेता राजेश पाठक द्वारा भरवेली थाना पुलिस में लांजी के पूर्व विधायक श्री समरीते के द्वारा जारी किए गए कुछ बयान पर आपत्ति दर्ज करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके आधार पर पुलिस द्वारा लांजी के पूर्व विधायक किशोर समरीते को गिरफ्तार किया गया है।
हालांकि इस विषय पर भरवेली थाना पुलिस से लेकर जिला पुलिस बल के आला अधिकारियों द्वारा कोई भी जानकारी मीडिया से साझा नहीं की जा रही है। जिससे पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी के लिए आला अधिकारियों द्वारा जारी किए गए बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।