नगर मुख्यालय से लगभग १२ किमी. दूर स्थित ग्राम पंचायत धारावासी के अंतर्गत आने वाले आदिवासी ग्राम मानूटोला से सटे जंगल में वन विकास निगम मंडल लामता परियोजना लालबर्रा के द्वारा कक्ष क्रमांक ७५१ के ५० हेक्टेयर भूमि पर वृक्षारोपण कार्य के लिये सतकट्टा चापल की कटाई कार्य किया जा रहा है और उक्त स्थान पर वनविभाग के द्वारा सागौन प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाना है परन्तु जिस स्थान पर वृक्षरोपण किया जाना है उस क्षेत्र में धारावासी, मौसमी (मानूटोला), केवाटोला, चावरपानी, उदासीटोला, कालीटोला, मलगोंदी एवं कंजई सहित आसपास के ग्रामीण उस स्थान पर अपने पशुओं को चराने लाते है यदि वनविभाग के द्वारा उस स्थान पर वृक्षारोपण कर दिया जाता है तो पशुओं क ो चराने के लिए स्थान नहीं बचेगा साथ ही हिंसक वन्यप्राणी भी ग्र्राम के समीप आ जायेगें। ग्राम पंचायत धारावासी सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामीणजनों ने १९ फरवरी को मानुटोला के समीप वन विभाग के कक्ष क्रमांक ७५१ में किये जा रहे वृक्षारोपण कार्य स्थल पर पहुंचकर विरोध करते हुए कार्य को बंद करवाया और उक्त स्थान पर वृक्षारोपण कार्य किये जाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी शासन-प्रशासन को दी है। वन विकास निगम मंडल लामता परियोजना लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली बीट क्रमांक ७५१ में वृक्षारोपण कार्य का ग्रामीणों के विरोध करने के बाद वन विभाग के द्वारा वर्तमान में कार्य बंद करवाकर उच्चाधिकारियों को अवगत कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग के द्वारा धारावासी के मानूटोला से करीब ५०० मीटर दूर स्थित बीट क्रमांक ७५१ के ५० हेक्टेयर जंगल में सतकट्टा चापल कटाई कर वृक्षारोपण किया जा रहा है जबकि लंबे समय से उक्त स्थान पर आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के मवेशी चरने जाते है एवं ग्रामीणजन जलाऊ लकड़ी के लिए जंगल जाते है अगर सागौन प्रजाति के पौधों का रोपण कर दिया जाता है मवेशियों के चराने के लिए स्थान नही बचेगा एवं हिंसक वन्यप्राणी गांव के समीप आ जायेगें जो किसी भी समय हमला कर सकते है साथ ही यह भी बताया कि वन विभाग जंगल के अंदर लगे सागौन के अवैध चोरियों को नही रोक पा रही है और गांव के नजदीक वृक्षारोपण करने का कार्य कर रहे है इसलिए हमारी मांग है कि पूर्व में जंगल में लगे सागौन प्रजाति के लकड़ी की अवैध कटाई हो रही है उसे नही रोक पा रहे है एवं मवेशी चराने की जमीन पर वृक्षारोपण करना चाह रहे है अगर उक्त स्थान पर वृक्षारोपण किया जाता है तो ग्रामीणजनों के द्वारा उग्र आंदोलन किया जायेगा जिसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।
दूरभाष पर चर्चा में वन विकास निगम मंडल लामता परियोजना लालबर्रा परिक्षेत्राधिकारी श्रीमती ज्योत्सना खोब्रागढ़े ने बताया कि शासन के निर्देश पर धारावासी के मानूटोला के जंगल क्षेत्र कक्ष क्रमांक ७५१ में वृक्षारोपण किया जाना है इसलिए सतकट्टा पौधों की कटाई कार्य करवाया जा रहा है परन्तु ग्रामीणजनों ने उक्त कार्य का विरोध किया है इसलिए कटाई कार्य बंद कर दिया गया है एवं ग्रामीणजनों की मांगों के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।










































