जनपद पंचायत वारासिवनी में २७ जुलाई को भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। कई दिन से जनपद में सरकार बैठाने के लिये जो कवायद चल रही थी उसमें आज भाजपा को सफलता प्राप्त हुई है। जहां जनपद अध्यक्ष के रूप में श्रीमती माया उईके चुनी गई वही जनपद उपाध्यक्ष के रूप में ही भाजपा की श्रीमती पुष्पा किशोर अमूले ने जीत दर्ज की। प्रात: ११.१५ बजे से शुरू हुई यह कार्यवाही ठीक १ बजकर ३० मिनट तक चली जिसमें अध्यक्ष पद के लिये हुये निर्वाचन में रिर्टेनिंग अधिकारी एसडीएम केसी बोपचे ने भाजपा प्रत्याशी श्रीमती माया उईके को अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से ८ मतों से विजयी घोषित किया और उन्हे विजयी प्रमाण पत्र सौंपा। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की कोई गहमा गहमी नही देखी गई। वही सभी दल के समर्थक जनपद पंचायत परिसर के बाहर परिणाम आने का इंतजार करते हुये दिखाई दिये। इस दौरान बालाघाट विधायक व मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और चुनाव के संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से जानकारी प्राप्त कर अन्य जनपद पंचायत का जायजा लेने रवाना हो गये।
अध्यक्ष पद के लिये
३ प्रत्याशी थे मैदान में
गौर करने वाली बात है कि इस चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती माया उईके के अलावा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नीतू कोरचे व विधायक जायसवाल समर्थित निर्देलीय प्रत्याशी निशा धार्मिक इनवाती मैदान में उतरी थी। जिसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी को १३, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नीतू कोरचे को ४ व विधायक जायसवाल समर्थित निर्देलीय प्रत्याशी निशा धार्मिक को ५ मत प्राप्त हुये। इस तरह श्रीमती माया उईके ने इस चुनाव में ८ मतों से जीत दर्ज कर वारासिवनी जनपद पंचायत में भाजपा का परचम लहराया।
बैठक में तय हुआ पुष्पा अमूले का नाम
चुनावी परिणाम आते ही भाजपा खेमे के द्वारा जनपद पंचायत के बाहर जोरदार आतिशबाजी की गई। वही सभी जनपद सदस्य को जुलूस निकालकर दीनदयाल चौक स्थित एक प्रतिष्ठान पहुॅचे जहां जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिये एक बैठक संपन्न हुई। जिसमें पूर्व विधायक डॉ. योगेन्द्र निर्मल, पूर्व विधायक ओमकार सिंह बिसेन, वरिष्ठ नेता छगन हनवत, किशोर अमूले, शैलेन्द्र सेठी, अजय बिसेन, निरंजन बिसेन, नगर मंडल अध्यक्ष दीप चौहान, पूर्व जनपद सदस्य सुनिल बंटी पारधी, प्रदीप शरणागत, सोनू जैन सहित अन्य भाजपाईयों की एक बैठक हुई जिसमें सभी ने सर्वसम्मति से श्रीमती पुष्पा किशोर अमूले के नाम को फाईनल किया गया।
उपाध्यक्ष चुनाव के लिये भाजपा व कांग्रेस में हुई टक्कर
अपने निर्धारित समय पर प्रारंभ हुये जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर रही। इस पद के लिये किसी भी निर्देलीय प्रत्याशी ने अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल नही किया। इस चुनाव में भाजपा की और से जहां श्रीमती पुष्पा अमूले व कांग्रेस के जितेन्द्र सिंह राजपूत के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें श्रीमती पुष्पा किशोर अमूले को १४ मत व जितेन्द्र सिंह राजपूत को ८ मत प्राप्त हुये। इस तरह भाजपा ने उपाध्यक्ष पद को ६ मतों से जीतकर अपनी झोली में डाला।
निर्दलियों ने किया भाजपा व कांग्रेस को वोट
इस दौरान देखने में आया कि जहां कांग्रेस को अध्यक्ष पद के चुनाव में ४ मत प्राप्त हुये थे वही उपाध्यक्ष पद में उसे ८ मत प्राप्त हुये। वही भाजपा को जहां अध्यक्ष पद चुनाव में १३ मत प्राप्त हुये थे वही उपाध्यक्ष पद में उसे १४ मत प्राप्त हुये। ४ निर्दलीय प्रत्याशियों ने जहां कांग्रेस का दामन उपाध्यक्ष पद के लिये थामा वही भाजपा को एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त हुआ।
जुलूस ने किया नगर का भ्रमण
अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह संपन्न होते ही भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर नगर का भ्रमण किया और सीधे पूर्व विधायक डॉ.योगेन्द्र निर्मल के निवास पर पहुॅचे जहां सभी ने विजयी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को मुॅह मीठा कराया।
सभी जनपद सदस्यों के साथ मिलकर कार्य करूंगी – माया उईके
पद्मेश से चर्चा करते हुये नवनिर्वाचित जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माया उईके ने बताया कि वे क्षेत्र के विकास में सभी जनपद सदस्य का साथ लेकर कार्य करेंगी। उनकी इस जीत में पूर्व विधायक डॉ.योगेन्द्र निर्मल, पूर्व विधायक ओमकार सिंह बिसेन, वरिष्ठ भाजपा नेता छगन हनवत, शैलेन्द्र सेठी, अजय बिसेन, निरंजन बिसेन सहित अन्य भाजपाईयों का सराहनीय सहयोग रहा है। जो विश्वास भाजपा ने मुझ पर जताया है में उस पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगी। उन्होने बताया कि वे जनपद क्षेत्र क्रमांक १ से भाजपा समर्थित प्रत्याशी थी और उन्हे पूर्ण विश्वास था कि वे जीत दर्ज करने के बाद निश्चित ही जनपद अध्यक्ष बनूंगी।
मेरी जीत भाजपा की जीत है – पुष्पा अमूले
इसी तरह जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा अमूले ने बताया कि उन्होने विकास के नाम पर चुनाव लड़ा था। उनकी जीत भाजपा की जीत है जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हे जो सहयोग प्रदान किया है उसके लिये वे आभार व्यक्त करती है। अब पूरे जनपद पंचायत क्षेत्र का समग्र विकास किया जायेगा।
कंधे से कंधा मिलाकर करें क्षेत्र का विकास – डॉ.निर्मल
पूर्व विधायक डॉ.योगेन्द्र निर्मल ने इस जीत का श्रेय भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्र की जनता को दिया है। उन्होने कहां कि हमारी दोनो बहनों ने जनपद वारासिवनी में जो कमल नही खिल पा रहा था उसे खिलाया है। जिसके लिये वे साधुवाद की पात्र है। हम चाहते है कि क्षेत्र के विकास में हम सब कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे और भाजपा नीत केन्द्र व प्रदेश सरकार की चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजना का लाभ जनता को दिलायेंगे।
पूर्ण विश्वास था कि हमारी ही जनपद बैठेगी- छगन हनवत
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता छगन हनवत ने बताया कि हम लोगों को पूर्ण विश्वास था कि हम वारासिवनी जनपद पंचायत में इस मर्तबा भाजपा की सरकार बनायेंगे। सभी वरिष्ठ भाजपाईयों व कार्यकर्ताओं ने इसके लिये मेहनत की और परिणाम सुखद रहे। अब क्षेत्र का विकास और तेजी से किया जायेगा।
सीएम से बीते दिवस की जं.सदस्यों ने मुलाकात – सुरेश पटले
वही पूर्व सरपंच सुरेश पटले ने बताया कि हम बीते दिवस ही सभी जनपद सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भोपाल स्थित उनके निवास में मिलकर आये है। उन्होने नवनिर्वाचित सभी भाजपा समर्थिज जनपद सदस्य को अपना आर्शीवाद दिया और यह आश्वासन दिया है कि वारासिवनी क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कोई कोर कसर नही छोड़ी जायेगी।
शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया – आरओं केसी बोपचे
पद्मेश को जानकारी देते हुये रिर्टेनिंग अधिकारी एसडीएम केसी बोपचे ने बताया कि २७ जुलाई को संपन्न हुये जनपद पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव काफी शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न हुये है। हमारे द्वारा चुनाव की पूर्ण प्रक्रिया एक दिन पहले ही तैयार कर ली गई थी। किसी प्रकार का कोई विवाद नही हुआ है। अध्यक्ष पद पर श्रीमती माया उईके निर्वाचित हुई है वही उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती पुष्पा अमूले ने जीत दर्ज की है। दोनों ही विजयी उम्मीदवारों को हमने विजयी प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया है।