वारासिवनी में बढ़ती हुई चोरी की वारदातों को देखकर लोग काफी भयभीत है। अब लोग अपने मकानों को सूना छोडऩे से गुरेज कर रहे है। नगरवासियों का साफ तौर पर कहना है कि उनके घर छोडऩे के बाद कोई न कोई व्यक्ति उनके घर की रैकी कर रहा है जो यह जानकारी अज्ञात चोर जिनके साथ वो मिला हुआ है उन्हे अवगत करा देता है। ऐसे में हमारा त्यौहार के बाद ग्रामीण अंचल सहित नगर में प्रारंभ मंडई के दौर में जाना भी दुश्वर हो गया है। वही पुलिस भी अज्ञात चोरों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। गौरतलब है कि नगर में बीते दो माह के भीतर करीब १० से १२ चोरियों की वारदात हुई है। जिसमें कुछ चोरी तो दिनदहाड़े की गई है। हालांकि यह सब सूने मकान थे। जिनमें रहने वाले लोग किसी न किसी कार्य से घर में ताला लगाकर अपने ग्राम या फिर अपने कार्य से कहीं गये हुये थे। लोगों का कहना है कि पुलिस को नगर में घूमने वाले आवारा तत्वों से पूछताछ करनी चाहिये ताकि चोरियों का खुलासा हो सके। वही बढ़ती हुई चोरियों की वारदातों को देखते हुये अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अरविंद श्रीवास्तव व नवागत थाना प्रभारी एसएस चौहान ने दिन व रात्री में गस्त बढ़ा दी है।
चोरी होने के बाद हमने लगाये तत्काल सीसीटीव्ही कैमरे – अमिता पारधी
पद्मेश को जानकारी देते हुये हॉल ही में दिनदहाड़े वार्ड नं.२ निवासी शिक्षक अरविंद पारधी की धर्मपत्नी श्रीमती अमिता पारधी ने बताया कि १८ अक्टूबर को उनके सूने मकान में चोरी हुई थी। वे एक स्कूूल की संचालिका है जो प्रात:९ बजे अपने घर से लगे स्कूल गई हुई थी। इस दौरान उनके घर कार्य करने वाली बाई को वे घर की चॉबी दे गई थी जिसने कार्य किया और चॉबी को एक निर्धारित स्थल पर रख दिया था और अन्य घर में काम करने चली गई थी। दोपहर १२.३० बजे जब वे भोजन ग्रहण करने आयी तो उन्होने देखा की गेट तो लगा हुआ है लेकिन मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है। पुलिस ने उन्हे आश्वस्त किया है कि १५ दिनों के भीतर वे इस चोरी का खुलासा कर सकते है। हालांकि अब उन्हे घर छोडऩे में डर लगा रहता है ऐसे में उन्होने पूरे घर के आसपास सीसी टीव्ही केमरे लगवा दिये है ताकि जो भी घर के समीप आये तो उन्हे पता चल जाये।
पुलिस कार्यवाही से फिलहाल वे संतुष्ठ नही – सुनिल पटले
इसी तरह वार्ड नं.३ सुनिल पटले ने पद्मेश को बताया कि वे रानी दुर्गावती नगर में निवास करते है। उनके घर में भी चोरी की वारदात हुई है जो १५ दिन पुरानी है। हम सूना मकान छोड़कर घर में तेरहवी होने के चलते गये हुये थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने हमारे घर में भी हाथ साफ कर दिया। चोरों ने लगभग ५० हजार रूपये नकदी व चांदी एवं सोने के आभूषण भी लेकर गये जिसकी हमने लिखित जानकारी पुलिस को दी मगर आज तक पुलिस ने हमें न तो एफआईआर की काफी दी है न तो अज्ञात चोरों को पकड़ा है। अब हम जब भी कहीं जाते है तो कुछ लोगों को बताने के साथ ही घर की रखवाली के लिये मोहल्ले के लड़को को सुलाते है। अब एक भय का माहौल बन गया है ऐसे में पुलिस को काफी मुस्तैदी के साथ अपना कार्य करना चाहिये। ताकि नगर सहित क्षेत्रवासी चैन से रह सके।
चोरों के निशाने पर रहते है सूने मकान – योगराज ऐड़े
पैशे से वरिष्ठ शिक्षक योगराज ऐड़े ने पद्मेश को जानकारी देते हुये बताया कि वे स्वयं भी नहर के किनारे रहते है लेकिन अब घर छोड़कर कहीं जाने में डर लगता है। जिस तरह नगर में चोरी की वारदातें हो रही है उससे डर लगने लगा है। सूने मकान पर ही अज्ञात चोर अपना ध्यान केन्द्रीत कर रहे है। उन्हे कैसे इस बात की जानकारी लग जाती है कि मकान सूना है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को गस्त के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करनी चाहिये। अज्ञात चोर शहर के ही बाशिंदे है। ऐसे में नगरवासियों द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाना लाजमी है।
शीघ्र ही करेंगे चोरियों का खुलासा – एसडीओपी
इस मामलें में जब पद्मेश ने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अरविंद श्रीवास्तव से चर्चा की तो उन्होने बताया कि हमारी तफतीश जारी है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।हमें चोरों के कुछ सुराग मिले है जिन पर हमारी गुप्तचर टीम कार्य कर रही है। शीघ्र ही सभी चोरियों का हम खुलासा करेंगे। साथ ही हमने दिन व रात्री में गस्त बढ़ा दी है ताकि चोरियों की वारदातों पर अंकुश लग सके।










































