नगरी क्षेत्र के निचले इलाकों में इन दोनों समस्याओं का अंबार देखने को मिल रहा है। जहां सड़क नाली पानी साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी वार्ड वासियों को नसीब नहीं हो पा रही है। कई बार आवेदन निवेदन करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होने ,उनकी समस्याओं का समाधान न होने सहित नगर के वार्ड नंबर 3 और 4 जैसे निचले इलाकों से से मिल रही विभिन्न शिकायतों को लेकर वहां के हालातों का मुआयना करने शनिवार को बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ,शहर के डूब क्षेत्र वार्ड नं 3 और 4 का निरीक्षण करने पहुंचीं। लंबे समय से हर मौसम में जलभराव, कच्ची नाली, बदबूदार और गंदगी भरे रहवासी क्षेत्र को देख विधायक ने नपा के जिम्मेदारों को आड़े-हाथों लिया। तो वही वार्डवासियों ने विधायक को अनेक समस्याओं से अवगत कराते हुए, बरसात के पूर्व सड़क नाली पानी साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की सौगात दिए जाने की मांग की। तो वहीं उन्होंने रेलवे नाले का गहरीकरण कर उसे पक्का नाला बनवाकर जल जमाव की समस्या से मुक्ति दिलाए जाने की मांग की है
जगह जगह दिखी गंदगी, जलभराव, बदबू, कचरे के ढेर
नगरीय क्षेत्र में कच्ची नाली, जलभराव, पानी निकासी, रोड जैसी समस्याएं अक्सर राजनीतिक मुद्दा बनती आई हैं, लेकिन बालाघाट नगरीय क्षेत्र में कई वार्डों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इन्हीं वार्ड क्रमांक-चार के शांति नगर, फ्रेंड्स नगर जैसे इलाकों को डूब क्षेत्र के नाम से ही जाता है। यहां वर्षा के दिनों में हालात बुरे हो जाते हैं। अन्य मौसम में भी घरों से निकलने वाला दूषित पानी घरों के सामने बनी कच्ची नालियों में जमा रहता है। जहां से आती बदबू लोगों को घरों में कैद रहने के लिए मजबूर करती है। रहवासियों ने बताया कि सामान्य दिनों में भी नाली में पानी जमा रहता है। स्कूली बच्चों को मुख्य मार्ग तक आने-जाने में कठिनाइयां होती हैं।
पार्षद के नाम सुनते ही भड़के रहवासी
वार्ड क्रमांक-चार के डूब क्षेत्रों में जब विधायक अनुभा मुंजारे निरीक्षण कर रही थीं, तब उनसे जब वार्ड पार्षद दीनू बसेने के कार्याें के बारे में पूछा गया, तो वार्ड रहवासी, महिलाएं पार्षद का नाम सुनते ही भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्षद सिर्फ चुनाव जीतने के लिए उनके घरों तक आया था, लेकिन पार्षद बनने के बाद आज तक न वो जनता की समस्याएं जानने पहुंचे और न ही किसी तरह का कोई समाधान खोज पाए। रहवासियों का कहना है कि पार्षद को जब नाली या जलभराव की समस्या के लिए फोन लगाया जाता है, तो वह लोगों का फोन तक नहीं उठाते।
नपा ने निचले इलाकों में नही दिया ध्यान-
अपने इस निरीक्षण को लेकर मीडिया कर्मियों से की गई चर्चा के दौरान विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने बताया डूब क्षेत्रों के हालात बेहद खराब हैं। इसे लेकर नपा को चाहिए था कि इसका कोई हल निकालें, लेकिन नपाध्यक्ष व अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वार्ड क्रमांक-चार में नाली न बनने से घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बह रहा है। बदबू और अस्वच्छता का आलम चारों तरफ दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। स्वच्छता को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन बालाघाट नगरपालिका देश के प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों पर भी काम नहीं कर रही है। जबकि नपा बालाघाट में लगातार 12 सालों से भाजपा का शासन है। नपाध्यक्ष ने जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं और न ही अपनी पार्टी के प्रति। नपा ने अपनी कार्य प्रणाली में सुधार करना चाहिए
नगरपालिका की उदासीनता के कारण जनता तकलीफ भोग रही है
वार्ड के निरीक्षण में पहुंची विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि वार्डो में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, चहुंओर गंदगी और कचरो का ढेर लगा है। वार्डवासियों का कहना है कि वह इन समस्याओं को लेकर कई बार नगरपालिका कार्यालय गए लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि आश्वासन देकर भुल जाते है। यह बड़े अफसोस और शर्म की बात है कि शहरी क्षेत्र की जनता ऐसे हालत में रह रही हैं जबकि आम जनता का मौलिक अधिकार है कि उसे स्वच्छ वातावरण के साथ ही स्वच्छ पेयजल मिले और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो। जनता इसलिए टैक्स देती है कि उसकी सड़को के दोनो ओर नालियां बने और नियमित सफाई हो कचरा उठाने वाले लोग यहां पहुंचे। लेकिन नगरपालिका की उदासीनता और लापरवाही के कारण जनता यह तकलीफ भोग रही है। जिनकी तकलीफ का निराकरण होना चाहिए।
अधिकांश वार्डो से मिल रही समस्याए
निरीक्षण पर पहुची विधायक श्रीमती मुंजारे ने नगरपालिका की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए बताया कि यदि नगरपालिका की कार्यशैली संतोषजनक होती हो, मुझे अधिकांश शिकायतें नगरपालिका की नहीं मिलती। वार्डवासी, मूलभूत सुविधाए नहीं मिलने से विकट समस्या से ग्रसित है। बनिस्मत यह ऐसी केवल एक, दो वार्डाे की नहीं बल्कि शहर के अधिकांश वार्डो की है। जहां के रहवासियों की आवाज नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने बताया कि हमारा मानना है कि निर्वाचन के बाद पार्टी का कहीं दंभ नहीं होना चाहिए, फिर हमे दलगत राजनीति से उठकर कार्य करना चाहिए, लेकिन देखने में आ रहा है कि नगरपालिका में भेदभावपूर्ण कार्य किया जा रहा हैं। विकास को गति ना देकर अपने फायदे के काम किए जा रहे है। यदि नगरपालिका का काम सही होता तो आज हमें मिलने वाली शिकायतें कम होती। हमने जनता को भरोसा दिलाया है कि वह विश्वास रखे। भविष्य में वार्डो में दोनो ओर नालियों के निर्माण के साथ ही और काम कराएंगे। यही नहीं बल्कि सोमवार से यहां साफ-सफाई भी शुरू हो जाएगी, जिसके निर्देश सीएमओ को दिए जाएंगे।
ऐसा लगता ही नही की ये नपा का वार्ड है
विधायक अनुभा मुंजारे ने चर्चा के दौरान बताया कि कुछ दिन पूर्व रहवासियों ने इस क्षेत्र में पसरी अव्यवस्था को बयां किया था, जिसके बाद पार्षदों के साथ मौके पर पहुंची हूं। यहां आकर देखा तो रहवासियों की समस्या बेहद गंभीर दिखी। हालात बेहद खराब हैं। रहवासी क्षेत्र को देखकर ये नहीं कहा जा सकता कि यह इलाका नगर पालिका के अंतर्गत आता है। रहवासियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में सफाईकर्मी कभी नहीं आते। यही वजह है कि इलाके में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। वार्ड वासियों का आरोप सत्य है नपा ने निचले इलाकों में काम नही किया है।
मंत्री से करूंगी निवेदन, विधायक निधि से होगा काम
इस संबंध में विधायक ने आगे बताया कि ऐसे इलाकों में जहां नाली व जल निकासी की सख्त जरूरत है, वहां विधायक निधि से काम कराया जाएगा। अतिक्रमण सहित अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए विशेष पैकेज की व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने बताया कि वह जल्द भोपाल में नगरीय प्रशासन मंत्री को विशेष पैकेज के लिए पत्र के माध्यम से निवेदन करूंगी, ताकि लोगों की समस्याएं दूर हो।









































