लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। नगर मुख्यालय के सामुदायिक भवन के सामने स्थित म.प्र. राज्य वन विकास निगम लिमिटेड लामता परियोजना मंडल परियोजना परिक्षेत्र लालबर्रा कार्यालय परिसर में ५ जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जिला पंचायत सभापति झामसिंह नागेश्वर, जनपद उपाध्यक्ष किशोर पालीवाल, भाजपा मंडल लालबर्रा अध्यक्ष प्रसन्न अवधिया, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर वन विभाग कार्यालय परिसर में उपस्थितजनों ने विभिन्न प्रजाति के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उसकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। साथ ही सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने प्रेरित भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि प्रकृति को हरा भरा रखना है तो हमें वृक्षारोपण जरूर करना होगा तभी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। साथ ही यह भी कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस ५ जून को मनाया जाता है लेकिन हम लोगों को आज ही के दिन पौधारोपण नही करना है, किसी के जन्मदिन या किसी भी अवसर पर पौधारोपण करना चाहिए। जिससे पर्यावरण हरा भरा रहता है एवं जल को भी संरक्षित करते है और पेड़ रहेंगे तो मानव जीवन भी सुरक्षित रह पायेगा। इसलिए सभी को अधिक से अधिक पौधों का रोपण करना चाहिए जिससे आसपास हरियाली रहने के साथ ही शुध्द ऑक्सीजन भी मिलेगी।