शहडोल में लकड़ी तस्करों ने बनाया वन कर्मचारियों को बंधक, पुलिस बनी रक्षक; चार गिरफ्तार

0
  • Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लकड़ी की अवैध कटाई में संलिप्त एक गिरोह ने वन विभाग के कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को सुरक्षित छुड़ाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना जिले के उत्तर वन मंडल के अमझोर वन परिक्षेत्र में 18 और 19 फरवरी की दरमियानी रात को हुई। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सात नामजद आरोपियों में से अब तक चार को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि शेष की तलाश जारी है।
  • आरोपियों को पुलिस ने ऐसे पकड़ा
  • उत्तर वन मंडल की वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) तरुणा वर्मा ने बताया कि 18 और 19 फरवरी की मध्य रात्रि को मुखबिर से सूचना मिली कि अमझोर परिक्षेत्र में साल के पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद सीधी सर्किल के डिप्टी रेंजर और अन्य बीट गार्ड की टीम को घटना स्थल पर भेजा गया। टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को साल की लकड़ी काटते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
  • वन कर्मचारियों को बनाया गया बंधक
  • तरुणा वर्मा ने बताया कि इसी दौरान आरोपियों ने वन कर्मचारियों पर अचानक हमला कर उन्हें बंधक बना लिया, जिसमें कुछ कर्मचारी घायल हो गए। डीएफओ वर्मा के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी वन कर्मियों को सुरक्षित छुड़ाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
  • चार लोगों को लिया गिरफ्तार
  • डीएफओ ने यह भी बताया कि आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में साल की लकड़ी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ वन अपराध के अलावा शासकीय कार्य में बाधा डालने, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट के आरोप में जयसिंह नगर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि इस मामले में सात आरोपी हैं, जिनमें से अब तक चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here