शांत हो जाओ, विकेट नहीं है… जब साक्षी धोनी भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में झूमने लगीं, धोनी ने बताई हकीकत

0

Sakshi Dhoni Viral Video: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड (India vs England) की टीमें टकराईं। इस मैच में टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह बना ली है। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा था और दर्शक दीर्घा में कई हस्तियां मैच देखने पहुंची थीं। इनमें पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) भी शामिल थे जिन्होंने इसी मैदान पर साल 2011 में भारत को वनडे विश्व कप फाइनल में ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी भी मौजूद थी। इसी दौरान मैच देखते-देखते साक्षी एक पल के लिए इतना उत्साहित हो गईं कि झूमने लगी और वीडियो वायरल हो गया। हालांकि, कहानी कुछ और ही थी।

दरअसल, धोनी और साक्षी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल के दौरान मैदान पर पहुंचे तो कैमरों की नजरें उन पर टिक गई थीं। इसी बीच, मैच के अंतिम क्षणों के दौरान, साक्षी अचानक जोश से जश्न मनाने लगीं, तभी पति माही ने उन्हें बताया कि वो विकेट नहीं था और शांत होने का इशारा किया। यह घटना जसप्रीत बुमराह के एक ओवर के दौरान हुई, जिन्होंने खेल बदलने वाला स्पैल किया।

साक्षी को लगा कि भारत को विकेट मिल गया जब बुमराह ने सैम कुरेन द्वारा उनकी ओर वापस खेली गई गेंद को अपने हाथों में लपक लिया। हालांकि, ऐसा नहीं था, क्योंकि गेंद को पकड़ने से पहले ही वो बुमराह के हाथ से उछल गई थी। साक्षी को लगा कि विकेट हो चुका है, तभी बारीक नजर रखने वाले धोनी ने उन्होंने उसे सूचित किया कि यह विकेट नहीं है और हंसते रहे।

भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच में क्या कुछ हुआ

भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने सात रन से जीत हासिल की और एक हाई स्कोरिंग मुकाबले में फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन का बड़ा स्कोर बना दिया, जिसमें संजू सैमसन ने एक बार फिर सिर्फ 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। हार्दिक पांड्या (12 में से 27), ईशान किशन (18 में से 39), तिलक वर्मा (7 में से 21) और शिवम दुबे (25 में से 43) जैसे खिलाड़ियों ने शानदार योगदान दिया।

इसके बाद, लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत में तो 95 रन के अंदर अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए थे, लेकिन 22 साल के जेकब बैथल का शतक (48 में से 105) ऐतिहासिक बन गया और अंतिम ओवरों तक भारतीय टीम व फैंस की धड़कनें बढ़ाता रहा। हालांकि, वो अंतिम ओवर की पहली गेंद पर रन-आउट हो गए और फिर भारत ओवर के अंत में 7 रन से जीत गया। फिर भी इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन बना दिए थे। भारत के लिए गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने 33 रन देकर 1 विकेट और हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट लिए।

अब फाइनल की बारी

अब टीम इंडिया 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच खेलेगी, जहां भारत अपना तीसरा खिताब और न्यूजीलैंड अपना पहला टाइटल जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here