कानपुर में विवाह के बाद वापस इंदौर लौट रही दूल्हा-दुल्हन की कार शाजापुर में फोरलेन पर हादसे का शिकार हो गई। कार नेशनल हाईवे 52 पर खड़े ट्रक में घुस गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दुल्हन समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को ट्रामा सेंटर शाजापुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद इंदौर रेफर किया गया जहां रास्ते में दूल्हे के जीजा की मौत हो गई। उसे इंदौर के अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही दुल्हन की गर्दन में फैक्चर हुआ है, जिसका ऑपरेशन किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर के कटारिया परिवार के बेटे अमित की बारात कानपुर गई थी। विवाह के बाद शनिवार रात को बारात वापस इंदौर लौट रही थी। तभी नेशनल हाईवे 52 पर दूल्हा दुल्हन की कार खड़े ट्रक में घुस गई। जिससे दुल्हन नेहा दूल्हे का जीजा अनिल और ड्राइवर मुन्ना घायल हो गए थे।










































