बालीवुड अभिनेता शाहरुख खान का 2 नवंबर को 57वां बर्थडे है। किंग खान को विश करने के लिए सैकड़ों फैंस की भीड़ आधी रात को मन्नत के बाहर जा पहुंची और काफी देर तक जश्न का दौर चला। शाहरुख, बेटे अबराम के साथ बालकनी में आए और अपने स्टाइल में फैंस का अभिवादन किया। दो नवंबर की रात सैकड़ों प्रशंसकों का हुजूम शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ के बाहर पहुंचा। शाहरुख खान का 57वां बर्थडे जोरदार तरीके से मनाने की फैंस लंबे समय से तैयारियां कर रहे थे। वे 2 नवंबर की रात 12 बजने का इंतजार कर रहे थे।
कई दशकों से शाहरुख खान अपने बर्थडे पर ‘मन्नत’ की छत पर आते हैं और सैकड़ों प्रशंसकों से मुखातिब होते हैं। उनकी यह रस्म ईद, दीपावली और अन्य मौकों पर भी चलती है। लेकिन जब बर्थडे जैसा खास मौका होता है, तो शाहरुख अपने किसी भी फैन को निराश नहीं करते। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। 2 नवंबर की रात जैसे ही घड़ी में 12 बजे, शाहरुख बालकनी में आए और फैंस की तरफ हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया।
शाहरुख खान के साथ उनके बेटे अबराम भी थे। अबराम इतनी भीड़ देख हैरान हो रहे थे। शाहरुख ने एक नजर अबराम को देखा और फिर फैंस को। फिर उन्होंने अबराम को बालकनी की ग्रिल पर खड़ा करके पकड़ लिया। शाहरुख ने कुछ कहा तो अबराम ने उन्हें देखा और फिर फैंस की तरफ हाथ हिलाया। पूरा माहौल सीटियों और शाहरुख खान की आवाज से गूंज उठा। भीड़ में से आवाजें आ रही थीं ‘लव यू शाहरुख’। इस अवसर पर देश के कोने-कोने से प्रशंसक शाहरुख खान के बर्थडे के बैनर और पोस्टर लिए उमड़े थे। ढोल-नगाड़े बज रहे थे और फैंस जश्न मना रहे थे।