पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज सईद अनवर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह के एशिया कप को पाकिस्तान की जगह किसी तटस्थ स्थल पर कराये जाने की मांग को लेकर भड़क गये हैं। अनवर ने सोशल मीडिया पर लिखा, जब सभी देशों की टीमें और क्रिकेटर पाक में मैच ओर क्रिकेट लीग खेल सकते हैं तो भारतीय क्रिकेटर क्यों नहीं खेल सकते । साथ ही पूछा है कि बीसीसीआई को आंखिर परेशानी क्या है ? साथ ही कहा कि अगर बीसीसीआई पाकिस्तान के साथ तटस्थ स्थल पर ही खेलने पर जोर देगा तो अगले साल भारत में होने वाले एकदिवसीय विश्वकप को भी हम तटस्थ स्थल पर ही खेलेंगे। .
वहीं स्थानीय मीडिया के अनुसार पीसीबी ने बीसीसीआई सचिव जय शाह के एशिया कप को पाक से बाहर कराए जाने पर दिए गए बयान को लेकर एक बैठक भी बुलाई थी। इसमें तय किया गया कि अगर बीसीसीआई एशिया कप को तटस्थ स्थल पर आयोजित करने दबाव बनाता है तो उनका देश भारत में होने वाले 2023 एकदिवसीय विश्व कप में भाग नहीं लेगा। वहीं इससे पहले मंगलवार को आम बैठक के बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा था कि भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाक नहीं जाएगी और ऐसे में हम आईसीसी से इस टूर्नामेंट को किसी तटस्थ स्थल पर आयोजित करने की मांग करेंगे।










































