शिवबारात में भगवान शिवजी माता पार्वती की झांकी रही आकर्षण का केंद्र

0

भोलेनाथ की उपासना का महापर्व महाशिवरात्रि मंगलवार को जिले में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस पर्व को शिवभक्तों द्वारा बड़े ही आस्था भाव के साथ मनाया जाता है, कोविड के कारण पिछले 2 वर्षों से इस पर्व को धूमधाम के साथ नही मनाया गया, लेकिन अभी कोविड की स्थिति सामान्य हो जाने तथा शासन द्वारा कोविड से संबंधित प्रतिबंधों को समाप्त कर दिए जाने के चलते इस बार महाशिवरात्रि पर्व शिवभक्तों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाकाल सेना एवं बब्बर सेना द्वारा सोमवार की शाम को शिव बारात निकाली गई। यह शिव बारात नगर के मां कालीपाठ मंदिर से शिव भक्तो के नेतृत्व में बैंड बाजा के साथ निकाली गई, इस दौरान भारी संख्या में शिव भक्तों का जनसैलाब रहा।

पूरे आस्था भाव के साथ यह शिव बारात मां कालीपाठ मंदिर से शंकर घाट पहुंची जहां विविध धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए गए। शिव बारात में भगवान शिवजी और माता पार्वती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही, इसके अलावा शिव बारात में मलंग बाबा भी आकर्षण का केंद्र रहे। भोलेनाथ के जयकारों के साथ नगर गूंज उठा।

यह भी बताएं कि पिछले वर्षों तक यह शिव बारात ग्राम कोसमी से निकाली जाती थी लेकिन इस बार यह शिव बारात मां कालीपाठ मंदिर से निकाली गई, फिर भी भारी संख्या में शिवभक्त पूरी आस्था भाव के साथ पहुंचे। जिसके चलते नगर के पुलिस लाइन चौक से लेकर गर्रा चौक तक आवागमन बाधित रहा। जाम लगने के कारण यात्री बसों के पहिए भी थमें रहे जिसके कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा। यातायात विभाग एवं पुलिस अमले को यातायात व्यवस्था बहाल करने भारी मशक्कत करना पड़ा।

इस पर्व को लेकर सिंधी समाज के लोगों में बहुत उत्साह रहता है पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा बहुत ही जोर शोर से मनाया जाता है। 2 वर्ष के बाद यह आयोजन किए जाने के चलते पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा जागपुर घाट में महाशिवरात्रि पर्व मनाने तैयारियां की गई है, 1 मार्च को सुबह 4 बजे से 9 बजे तक यहां महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा।

इस पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था लगा दिया गया है। नगर के जागपुर घाट और शंकर घाट में पुलिस अमला तैनात करने के साथ ही शिव बारात में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here