श्रीनगर जैसा ठंडा मध्यप्रदेश:आज कोल्ड वेव का कहर; नौगांव में माइनस 1 डिग्री पारा

0

मध्यप्रदेश अब कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पहली बार समूचे प्रदेश में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। मैदानी इलाकों की बात करें, तो मध्यप्रदेश का नौगांव देश का सबसे ठंडा रहा। यहां शनिवार-रविवार की रात का पारा 0 से नीचे माइनस 1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी समय कश्मीर के श्रीनगर में तापमान माइनस 0.1 था। मप्र में 21 साल बाद किसी शहर में पारा माइनस में पहुंचा है। राजस्थान का चुरू -0.5 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरा सबसे ठंडा रहा।

प्रदेश में आज यानी सोमवार को भी ठंड का जोर रहेगा। शीतलहर रहेगी। इसके साथ ही नॉर्थ मध्यप्रदेश में कोहरा भी रहेगा। 10 शहरों में रात का पारा 4 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया। इंदौर-खंडवा को छोड़ दें, तो प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं चढ़ सका। रविवार को दिन में हल्की राहत रही। प्रदेश भर में अधिकतम तापमान जनवरी में पहली बार 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।

4 दिन ऐसे रहेगा मौसम

मध्यप्रदेश में अगले 4 दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सोमवार यानी 9 जनवरी को प्रदेश के ग्वालियर-चंबल के इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है। प्रदेश में शीतलहर से राहत मिलते नहीं दिख रही। सोमवार को भी अधिकांश इलाकों में शीतलहर चलेगी। बुंदेलखंड और बघेलखंड के कुछ इलाकों में जमाने वाली ठंड रहेगी। पूर्वी मध्यप्रदेश यानी बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल में भयंकर शीतलहर का प्रकोप जारी है।

तीन दिन रहेगी राहत

10 जनवरी से मध्यप्रदेश में ठंड से कुछ राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 10 से लेकर 12 जनवरी तक न तो कोहरा न तो शीतलहर और अन्य कोई अलर्ट रहेगा। 10 जनवरी से राजस्थान और उत्तरप्रदेश में बारिश हो सकती है। ऐसे में मध्यप्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तेजी से तापमान नीचे आएंगे।

पश्चिमी विक्षोभ के बाद 10-13 जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की/मध्यम कुछ इलाकों से लेकर अनेक इलाकों में वर्षा/बर्फबारी की संभावना है। वर्तमान मध्यप्रदेश में हिमालय क्षेत्र से औसत समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर तक पूर्वोत्तर हवाएं आ रही हैं। 9 जनवरी, 2023 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

10 जनवरी को इसी क्षेत्र में कहीं-कहीं के इलाकों में शीत लहर की स्थिति की संभावना है। दो दिनों में पश्चिम मध्यप्रदेश के कहीं-कहीं के हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 9 और 10 जनवरी को उत्तर मध्य प्रदेश के कहीं कहीं के इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here