नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर के अस्पताल कालोनी स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री भोलेशंकर जनकल्याण समिति मानपुर-लालबर्रा के तत्वाधान में गत ४ मार्च से जारी ६ दिवसीय श्री पार्थिव शिव पूजन कार्यक्रम का ९ मार्च को हवन-पूजन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ समापन किया गया। इस ६ दिवसीय पार्थिव पूजन के अवसर पर ८ मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाम ६ बजे श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर से भगवान शिव की डीजे की धुन पर शिव बारात आकर्षक झांकियों के साथ निकाली गई। यह शिव बारात नगर मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुंची जहां भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का विवाह रचाया गया। इस दौरान शिव भक्तजनों के द्वारा शिव बारात में जमकर नृत्य भी किया गया और इस शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ सहित अन्य भगवानों की जीवंत झांकिया आकर्षण का केन्द्र रही। ९ मार्च को दोपहर शाम ५ बजे से हवन-पूजन प्रारंभ हुआ जिसमें यजमान की उपस्थिति में पंडि़त विमल मिश्रा के द्वारा हवन-पूजन संपन्न करवाया गया तत्पश्चात महाआरती की गई। जिसके बाद भंडारा रूपी महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित पार्थिव शिवपूजन कार्यक्रम में प्रतिदिन दोपहर २ बजे से शाम ४ बजे तक मिट्टी से भगवान शिव का पार्थिव बनाकर उसकी विधि-विधान से पूजा अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का सभी श्रध्दालुओं ने धर्मलाभ अर्जित किये है और इस पार्थिव शिव पूजा कर भगवान शिव से सभी के जीवन में खुशहाली बनाये रखने की कामना की गई है। चर्चा में श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर के पदाधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर गत ४ मार्च से ६ दिवसीय पार्थिव शिवपूजन कार्यक्रम जारी था जिसका समापन ९ मार्च को हवन-पूजन एवं महाप्रसादी वितरण के साथ किया गया। इस दौरान रोजाना मिट्टी से भगवान शिव की पार्थिव बनाकर पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्रीय श्रध्दालुजन पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित किये।








































