संघ को आतंकी संगठन साबित कर दें तो राजनीति छोड़ दूंगा कांग्रेस पर वन मंत्री शाह ने साधा निशाना

0

प्रदेश के वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस ने आरएसएस को आतंकवादी संगठन साबित कर दिया तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच रखने वालों को मैं प्रणाम करता हूं। वह चाहें तो किसी भी चौराहे पर बहस कर लें, मैं बता दूंगा कि उनके समर्थन से कौन-कौन से लोग आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त हैं। कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को आतंकवादी कहे जाने पर उन्होंने पार्टी पर निशाना साधा है। वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने जबलपुर में अल्प प्रवास के दौरान राहुल गांधी के विवाह न करने पर फिर एक बार कटाक्ष किया। उन्होंने अपने बेटे का उदाहरण देते हुए कहा कि मेरा बेटा अभी 29 साल का है, जब वह 45-50 साल का हो जाएगा और उसकी शादी नहीं होगी तो निश्चित रूप से कई तरह की बात उठेंगी। अगर वह ब्रह्मचर्य का पालन कर ले या संत बन जाए, तब तो ठीक है, अगर ऐसा नहीं करता है तो समाज की महिलाएं और अन्य लोगों में कई तरह की बात उठना शुरू हो जाती हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नाम को लेकर कुंवर विजय शाह ने कहा कि दिग्विजय सिंह अगर कांग्रेस-अध्यक्ष बनते हैं तो बढ़िया है। उनका स्वागत है। जिस तरह से उन्होंने मध्यप्रदेश का बंटाढार किया, अब उसी तरह से वे देश भर में कांग्रेस का भी बंटाधार करेंगे। कूनो में लाए गए चीतों के सामने चीतल छोड़े जाने को लेकर बिश्नोई समाज ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इस पर वन मंत्री विजय शाह ने कहा कि जंगल का अपना अलग जीवन होता है। शेर-चीता तो रोटी बनाने से रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here