संसद की कार्यवाही गुरुवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद 2 बजे तक के लिए स्थगित हो गई। इससे पहले मंगलवार को राहुल-अडाणी मामले पर दोनों ही सदनों में हंगामा होने के कारण लगातार 7वीं बार संसद स्थगित की गई थी। संसद स्थगित होने के बाद विपक्षी नेताओं ने पार्लियामेंट के गेट नंबर 1 पर प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘वी वॉन्ट JPC’, ‘मोदी सरकार डाउन-डाउन’, ‘मोदी सरकार शेम-शेम’ जैसे नारे लगाए।
सदन में भाजपा राहुल गांधी से लंदन में दिए बयान पर माफी की मांग पर अड़ी हुई है। वहीं, हिंडनबर्ग-अडाणी मामले पर कांग्रेस की जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) की मांग बरकरार है। बता दें कि बजट सत्र का दूसरा फेज 13 मार्च से शुरू हुआ था और यह छह अप्रैल तक चलना प्रस्तावित है।
राज्यसभा के सभापति ने बैठक बुलाई
राज्यसभा स्पीकर ने गुरुवार सुबह जगदीप धनखड़ ने नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में राज्यसभा की कार्यवाही को ठीक से कैसे चलाया जा सकता है, इस मुद्दे पर बात हुई। यह पहली बार नहीं है जब सभापति ने नेताओं की बैठक बुलाई हो। इससे पहले मंगलवार को भी धनखड़ ने अपने चेम्बर में सदन के कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई थी। जिसमें बीजेपी, वाईएसआरसीपी और टीडीपी को छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों के नेता शामिल नहीं हुए थे।










































