संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यह जानकारी दी। यह सत्र अभी से इसलिए चर्चा में है, क्योंकि माना जा रहा है कि मोदी सरकार समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) बिल इस सत्र में पेश कर सकती है।
मानसून सत्र के दौरान सरकार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश पर विधेयक ला सकती है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने हंगामा किया है। इस मुद्दे पर संसद मे वोटिंग की नौबती भी आ सकती है। यही कारण है कि अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों विभिन्न राज्यों में जाकर समर्थन मांगा है। इसी मुद्दे पर अपने पत्ते साफ नहीं करने पर कांग्रेस से उनकी अनबन हो गई है। कांग्रेस ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।वहीं, केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा बुधवार को मंजूरी दे दिए गए राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन विधेयक को भी पेश किए जाने की संभावना है। प्रस्तावित फाउंडेशन विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में देश की अनुसंधान क्षमता को बढ़ाने के लिए एक नई फंडिंग एजेंसी होगी।