वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत एकोडी के ग्रामीणों के द्वारा 18 सितंबर को तहसील कार्यालय में एसडीएम को ज्ञापन सौप कर ग्रामों को जोड़ने वाली 3 किलोमीटर की मुख्य सड़क दांदूटोला से कासपुर हुड़कीटोला मार्ग के निर्माण किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि हम सभी ग्राम दांदूटोला पंचायत एकोडी वारासिवनी जनपद पंचायत के रहने वाले हैं हमारा ग्राम आदिवासी बाहुल्य के अंतर्गत आता है। जिनकी संख्या 400 है ग्राम की सड़क जो की मुख्य सड़क दांदूटोला से कासपुर हुड़कीटोला को जोड़ती है जो की ग्राम वाले आलेझरी में उच्च माध्यमिक विद्यालय है यहां पर हमारे गांव एवं सीमावर्ती ग्राम जैसे कि भांडी पिपरिया आदि के विद्यार्थी स्कूल में पढ़ने के लिए आते जाते हैं। हमारी सड़क की स्थिति जर्जर हो गई है जिस कारण विद्यार्थी और ग्रामवासियों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तेज वर्षा में जिला एवं तहसील मुख्यालय तक जाना दुर्भर हो गया है। ऐसी जर्जर स्थिति के कारण एंबुलेंस तथा स्कूल बस तक आने में समस्या बनी हुई है हमारे गांव की जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर एवं तहसील मुख्यालय से 12 किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद सड़क की स्थिति अत्यधिक दयनीय है। इस संबंध में हमारे द्वारा पिछले 5 से 6 वर्षों से शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षण कराया जा रहा है किंतु आज तक इस सड़क का निर्माण करने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की गई है। हम यही चाहते हैं कि इस सड़क का निर्माण जल्द हो अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीण अनिल शाह उइके ने पदमेश से चर्चा में बताया कि दांदूटोला एकोडी मार्ग शहर को जोड़ने वाला है जिसमें से हजारों लोग आना-जाना करते हैं। यह मुख्य सड़क होने के बावजूद नहीं बनाई गई है या सड़क करीब 3 किलोमीटर दूरी की है जिसका डामरीकरण होना चाहिए क्योंकि यह सीधे जिला मुख्यालय के लिए भांडी पिपरिया को जोड़ती है तहसील मुख्यालय के लिए कासपुर को जोड़ती है। जिस पर से राहगीर विद्यार्थी सहित किसान को भी समस्या बनी हुई है हम यह चाहते हैं कि मार्ग का निर्माण जल्द से जल्द किया जाये।
सरपंच प्रतिनिधि राहुल मेश्राम ने बताया कि हमारे पंचायत में दांदूटोला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है वहां समस्या है दांदूटोला हुड़कीटोला सीधे तहसील से जोड़ता है जिला मुख्यालय के पास होने पर भी कुछ नहीं हो पा रहा है। बरसात में विद्यार्थी आना-जाना बंद कर देते हैं हमने इस समस्या को लेकर वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि को भी पत्राचार किया गया था परंतु किसी के द्वारा ध्यान नहीं दिया गया है। वह मार्ग कच्चा है जहां बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं आने-जाने लायक नहीं बचा है दुर्घटनाएं होती रहती है जिसका निर्माण अति आवश्यक हो गया है इधर ध्यान दिया जाना चाहिए।
ग्रामीण भूपेंद्र मडावी ने बताया कि आदिवासी टोली से मैं आता हूं उम्र हो गई हमारी यह मार्ग को देखते हुए परंतु आज तक कोई ने वहां पर गिट्टी नहीं डाली है केवल मिट्टी लाकर डाल देते हैं। जो बरसात में कीचड़ हो जाती है कासपुर से दांदूटोला तक पूरा मार्ग खराब है यह मार्ग से दिनी पुनि के लिए रोड जाता है आलेझरी में एक स्कूल है जहां भांडी पिपरिया तक के बच्चे आते जाते रहते हैं ऐसे में वह दुर्घटना होकर गिरते हैं। उन्हें चोट के साथ कपड़े भी खराब होते हैं वापस घर जाना होता है वे अंदर नहीं आ पाती है यह मार्ग का निर्माण किया जाना चाहिए अन्यथा उग्र आंदोलन चक्काजाम होगा।










































