सात अक्टूबर से शुरू होगा आईएसएल सत्र

0

इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सात अक्टूबर से शुरू हो रहे पहले सत्र का पहला मैच कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में केरल ब्लास्टर्स और ईस्ट बंगाल के बीच होगा। आईएसएल के ये मैच वैश्विक फुटबॉल लीग की तरह ही गुरुवार और रविवार के बीच होंगे। इस बार अधिक से अधिक दर्शकों को आकर्षित करने के लिए सप्ताहांत में अधिक मैच रखे गये हैं। आईएसएल के बाद अप्रैल में सुपर कप खेला जाएगा। दो सत्र के बाद आईएसएल से पहली बार दर्शकों की भी स्टेडियम में वापसी होगी। इससे पहले कोरोना संक्रमण के कारण इन मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश प्रतिबंधित था। वहीं आईएसएल के नए प्रारूप के अनुसार लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें स्वयं ही सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद तीसरे से छठे स्थान पर रहने वाली टीम एक चरण के प्लेऑफ में खेलेंगी जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दो अन्य टीमें तय होंगी। वर्तमान चैंपियन हैदराबाद एफसी अपना पहला मैच नौ अक्टूबर को अपने घरेलू मैदान पर मुंबई सिटी एफसी से खेलेगी। वहीं लीग चरण में प्रत्येक टीम 20 मैच खेलेगी। इनमें से 10 मैच वह घरेलू मैदान पर खेलेगी। इन खेलों से दर्शकों को देश और विदेश के शीर्ष खिलाड़ियों को एकसाथ खेलते हुए देखने का अवसर मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here