गुजरते साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को शहर के पर्यटन स्थल लोगों से गुलजार रहे। कोई परिवार के साथ शंकरघाट पहुंचा तो किसी ने गांगुलपारा के प्राकृतिक नजारों का दीदार किया। कई परिवार ऐसे थे, जिन्होंने नए साल के स्वागत का जश्न गर्रा स्थित बॉटनिकल गार्डन घूमकर मनाया। यहां पहुंचे लोगों ने अपनों के साथ गार्डन की खूबसूरती का दीदार किया तो कई परिवारों ने पिकनिक मनाकर इस पल को यादगार बनाया। पद्मेश न्यूज ने उनसे गुजरते साल की ऐसी यादों के बारे में बातचीत की, जो उनके जहन में हमेशा याद रहेंगी। इसके अलावा लोगों से नए साल से उम्मीदें भी जानीं। कई लोगों ने साल 2022 को लांजी के बहुचर्चित डबल मनी मामले को कभी न भूलने वाला बताया।
आपको बता दें कि प्राकृतिक नजारों के बीच बना बॉटनिकल गार्डन हमेशा सैलानियों से गुलजार रहता है, लेकिन साल के अंतिम दिनों और त्योहारों पर यहां की रंगत और बढ़ जाती है। शनिवार को कई लोग घर से भोजन बनाकर यहां पहुंचे और परिवार के साथ भोजन किया। महिला शिक्षक ने अपने स्कूल के बच्चों को साल के अंतिम दिन बॉटनिकल गार्डन की सैर कराकर उन्हें नए साल का तोहफा दिया। बातचीत में लोगों ने बताया कि डबल मनी का मामला बेहद चर्चाओं में रहा। ये एक ऐसा मामला है जो सालों साल तक लोगों को याद रहेगा। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि साल 2022 इसलिए भी खास है कि डबल मनी मामले से लोगों की आंखें खुली हैं और लोगों को समझ आया है कि कभी ऐसी स्कीम में लोग अपनी पूंजी न लगाएं। कोरोना के खतरे को लेकर भी लोगों ने साल 2022 को सुरक्षित बताया और 2023 में भी कोरोना जैसी बीमारी न आए इसके लिए प्रार्थना की। ओवरब्रिज को लेकर लोगों ने कहा कि नए साल में ओवरब्रिज बनने की उम्मीद है।










































