पदमेश न्यूज़,बालाघाट।शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और हादसों काे रोकने के मकसद से पुलिस प्रशासन द्वारा नगर में नो हेलमेट नो राइट अभियान 1 नवंबर से शुरू है ,जो अब भी जारी है।उधर इस अभियान के तहत रोजाना ही नगर में बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने वाले लोगों पर चालानी कार्यवाही कर उन्हें यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है।लेकिन यातायात व्यवस्था बनाए रखने शहर के काली पुतली चौक में लगाए गए ट्राफिक सिग्नल इन दिनों नगरपालिका के कबाड़ में धूल खा रहे हैं। बताया गया कि वर्ष 2017 में करीब 10 लाख की लागत से शहर के हनुमान चौक और काली पुतली चौक में इन सिग्नलों को लगाया था। कुछ समय तक सब ठीक चला लेकिन फिर अचानक से सिग्नल बंद हो गए। वही अब कालीपुतली चौक के पुराने सिग्नलों को नपा ने कबाड़ में डाल दिया है। अब पुन: लाखों रुपए खर्च कर शहर के पांच स्थानों पर नए सिग्नल लगाने की तैयारी नपा ने की। करीब 15 दिन पूर्व अंबेडकर चौक में सिग्नल लगाकर ट्रायल पूरा कर किया गया है। लेकिन अब तक यहां भी सिग्नल शुरू नहीं करवाए जा सके हैं। इसकी प्रमुख वजह जिम्मेदारो द्वारा की जा रही अनदेखी को बताया जा रहा है। वही बात अगर नगर के हनुमान चौकी करें तो वहां सिग्नल बरसों से बंद है वही कालीपुतली चौक का सिग्नल कुछ दिनों पूर्व निकाल दिया गया है तो वही अंबेडकर चौक में सिग्नल तो लगाए गए हैं लेकिन उसका ट्राई कर उसे अब तक शुरू नहीं किया गया है कुल मिलाकर कहा जाए तो बालाघाट नगर जो कि जिले का मुख्यालय है वह सिग्नल विहीन नजर आ रहा है।
11 जनवरी को ट्रायल कर 26 जनवरी से सिग्नल शुरू करने की कही गई थी बात
शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने पुलिस और नपा ने मिलकर अंबेडकर चौक पर नए यातायात सिग्नल स्थापित कर दिए हैं। 11 जनवरी को दोपहर इन सिग्नलों की विधिवत टेस्टिंग की गई। जैसे ही सिग्नल चालू हुए, चौक के चारों ओर से आने वाले वाहन चालकों ने संकेतों का पालन करना शुरू कर दिया था। वाहन चालक सिग्नल के अनुसार रुकते और आगे बढ़ते नजर आए। कुछ समय के लिए चौक पर यातायात व्यवस्था व्यवस्थित दिखाई दी। लेकिन कुछ पल बाद ही सिग्नल बंद कर दिए गए। इसके बाद आज तक इन सिग्नलों को शुरू नहीं किया गया है। उसे समय 26 जनवरी के इन ट्रैफिक सिग्नल को शुरू किए जाने की बात कही जा रही थी लेकिन इस बात को करीब एक 1 माह बीतने को आया है। बावजूद भी अब तक ट्रैफिक सिग्नल शुरू नहीं हो पाएंगे।
नगर की ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल
नगर में पांच स्थानों की जगह अब महज 2 स्थानों पर लगे ट्रैफिक सिंग्नलो पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है।ज्ञात हो कि तत्कालीन नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी के कार्यकाल में शहर के कालीपुतली चौक और हनुमान चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए थे। ये सिग्नल कुछ महीने तो रोशन हुए लेकिन बार.बार तकनीकी दिक्कतों के कारण ये सालों से बंद हो गए। इसे लेकर तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया ने प्रयास तो किए लेकिन सभी प्रयास असफल सााबित हुए। इतना ही नहीं ढाई साल पहले नपा की नई कार्यकारिणी ने भी शहर के ट्रैफिक सिग्नलों को दोबारा चालू करने के काम को प्राथमिकता में रखकर इसे जल्द दुरुस्त करने और शहर के बस स्टैंड आवंती बाई चौक में भी नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने की बात कही थी। 3 साल बीत जाने के बाद नई कार्यकारिणी के जिम्मेदारो ने इसको लेकर कोई सकारात्मक कदम नही उठाया।जिसके चलते यह ट्रैफिक सिग्नल बदहाल पड़े रहे।
लाखो की लागत से लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल बने शोपीस
काली पुतली चौक के सिग्नल निकाल दिए गए हैं तो वही अंबेडकर चौक और हनुमान चौक पर लाखों रुपए खर्च कर लगाए गए सिग्नल वर्तमान में शोपीस बने हुए हैं। उनका उपयोग नहीं किया जा रहा है। इन सिग्नलों को पुलिस विभाग को हैंडओवर भी नहीं किया जा सका है। अब नए सिग्नल अंबेडकर चौक पर लगाए गए हैं, जिनका कितना बेहतर संचालन किया जाएगा इसको लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।नागरिकों में यह भी चर्चा है कि कहीं ये नए सिग्नल भी पूर्व की तरह कुछ समय बाद निष्क्रिय होकर शोपीस न बन जाएं। फिलहाल अवंती बाई चौक से लेकर अंबेडकर चौक सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर नए सिग्नल लगाने को लेकर कोई स्पष्ट और सार्वजनिक रणनीति सामने नहीं आई है। हालांकि नगर पालिका द्वारा नगर की 5 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की बात कही गई है लेकिन उसके लिए भी करीब 6 माह के इंतेजार की बात सामने आ रही है।
कई बार नपा की बैठक में उठ चुका है मुद्दा
पुरानी कार्यकरणी के अलावा नगर पालिका परिषद बालाघाट की नई कार्यकारिणी ने भी ट्रैफिक सिग्नलों को सुधारने के लिए प्रयास करने की बात कही थी। लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी उनके वादे खोखले साबित हो रहे हैं। न कालीपुतली चौक और ना ही हनुमान चौक के सिग्नल सुधरे और न ही अवंती चौक और जय स्तम्भ चौक पर नए सिग्नल लग पाए। अंबेडकर चौक में नए सिग्नल लगे लेकिन वह अब तक शुरू नहीं हो पाए। जबकि ट्रैफिक सिगनलों का मुद्दा कई बार नपा परिषद की बैठक में उठ चुका है लेकिन सुधार कार्य नहीं हुआ, और यह मुद्दा सिर्फ एक मुद्दा बनकर रह गया।
पुनः 5 स्थानों पर सिग्नल लगाने की कही जा रही बात पर 6 माह का इंतेजार
नपा सीएमओ बीडी कतरोलियां के अनुसार शहर के काली पुतली चौक, हनुमान चौक, अंबेडकर चौक, रानी अवंती बाई और जय स्तंभ चौक में सिग्नल शुरू किए जाने की योजना तैयार की गई है। सर्वप्रथम अंबेडकर चौक में कार्य किया जा रहा है। सिग्नल इंस्टॉल कर ट्रायर भी पूरा किया जा चुका है। शीघ्र यहां सिग्नल शुरू कर यातायात पुलिस के हैंडओवर कर दिए जाएंगे।
टेंडर जारी कर दिए गए हैं जल्द शुरू होंगे सिग्नल- कतरोलिया
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी बीड़ी कतरोलिया ने बताया कि पुराने सिग्नलों की मरम्मत में अत्यधिक खर्च आ रहा था, इसलिए उन्हें हटाकर नए सिग्नल लगाए जा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत काली पुतली चौक से पुराने सिग्नलों को हटा दिया गया है।शहर के पांच स्थानों पर सिग्नल लगाए जाने हैं। जिन्हें पुलिस के हैंड ओवर किया जाएगा। अंबेडकर चौक में सिग्नल लगाकर ट्रायर पूरा कर लिया गया है।इसी माह उन्हें शुरू कर दिया जाएगा। बाकी अन्य स्थानों पर जो सिग्नल लगाए जाने हैं उसके भी टेंडर लगा दिए गए हैं 6 माह के भीतर नगर के 5 स्थानों पर विधिवत रूप से सिग्नल शुरू कर दिए जाएंगे।








































