भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे के नाम से मध्य प्रदेश में प्रशिक्षण संस्थान खुलेगा। बिना विवाद की जमीन को चिन्हित कर इसे बनाया जाएगा, जहां कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। सीएम शिवराज ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष के शुभारंभ कार्यक्रम में उनके चरणों में प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि उनके त्याग, तपस्या और पुनीत विचार सदैव हम सबका राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए मार्गदर्शन करते रहेंगे।
संगीतमय सुंदरकांड पाठ
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे की आज जयंती है। प्रदेश भाजपा संगठन उनके जन्मशताब्दी वर्ष को ‘संगठन पर्व’ के रूप में मना रहा है। स्व. ठाकरे के जन्मदिन पर आज पूरे प्रदेश में आदरांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ आज सुबह राजधानी भोपाल में स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ।
भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत पार्टी के अनेक बड़े नेता व कार्यकर्ता सुबह कार्यालय में एकत्रित हुए और कुशाभाऊ ठाकरे के चित्र पर माल्यार्पण कर सुंदरकांड का पाठ शुरू किया। प्रत्येक मंडल एवं बूथ केंद्रों पर भी कुशाभाऊ ठाकरे को पुष्पांजलि अर्पित जा रही है। इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी एवं वर्ष भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए प्रतीक चिह्न (लोगो) का भी लोकार्पण किया गया।