सीएम हेल्पलाइन निराकरण में अब पांढुर्णा प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर सौरभ सुमन ने पांढुर्णा जनपद सीईओ के कार्यों की तारीफ की और उपलब्धि पर बधाई दी है। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित समाधान ऑनलाइन, पीजी पोर्टल, सीएम मॉनिट, विभिन्न आयोगों व वरिष्ठ कार्यालयों के लंबित प्रकरणों, न्यायालय के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। साथ ही राशन वितरण, हर घर तिरंगा अभियान, दस्तक अभियान, अंकुर कार्यक्रम व हरियाली महोत्सव, कोविड बूस्टर डोज टीकाकरण व ऊर्जा साक्षरता अभियान के कार्यों की प्रगति भी देखी। बैठक में बताया गया कि पांढुर्णा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ललित चौधरी ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरण निराकरण में 100 में से 97.37 अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेंद्र नारायण, एसडीएम छिंदवाड़ा अतुल सिंह, संयुक्त कलेक्टर अजीत तिर्की, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह, उप संचालक सामाजिक न्याय एस.के.गुप्ता, उप संचालक कृषि जितेंद्र सिंह व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया सहित जिला मुख्यालय के अन्य अधिकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुये।










































