नगरपालिका बालाघाट में काम करने वाले सफाई कर्मचारी तनख्वाह को लेकर काफी परेशान है सफाई कर्मचारी शनिवार को सीएमओ के सामने खड़े हो गए और तनख्वाह के साथ ही उन्हें पिछले तीन-चार वर्षों का रुका हुआ डीए का भुगतान किए जाने की मांग की।
जल्द ही तनख्वाह नहीं मिलने की स्थिति में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार से हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें नियमित हुए तीन चार वर्ष हो गए हैं लेकिन अभी तक बढ़ी हुई राशि उन्हें नहीं मिली। वही दीपावली पर्व नजदीक आ गया है और उन्हें अभी तक तनख्वाह नहीं मिली। दीपावली त्यौहार के पहले अगर उन्हें तनख्वाह नहीं मिली तो उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी, वे लोग कैसे दीपावली पर्व मना पाएंगे।
नगर पालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया ने बताया कि नगरपालिका का बड़ी तादाद में संपत्ति कर बकाया होने के कारण इस समय नगरपालिका की स्थिति सही नहीं है। नगरपालिका के कर्मचारियों को भी वित्तीय समस्या से जूझना पड़ सकता है।