स्टॉक पर्याप्त, फिर भी गैस के लिए भटक रहे उपभोक्ताकोतवाली परिसर में वितरण के बावजूद लंबी कतारें, व्यवस्था सुधार की मांग

0

एक ओर जिला प्रशासन द्वारा जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक होने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ अलग ही नजर आ रही है। बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें समय पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते वे ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्यालय तक पहुंचने को मजबूर हो रहे हैं। मुख्यालय में गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न एजेंसियों द्वारा कोतवाली परिसर में सिलेंडर वितरण की व्यवस्था की गई है, लेकिन यहां भी उपभोक्ताओं की परेशानी कम नहीं हो सकी है। गैस लेने के लिए लोग सुबह 6 बजे से ही पहुंचकर कतार में लग जाते हैं। हालांकि, जैसे ही गैस की खेप पहुंचती है, एजेंसी द्वारा एक निश्चित तिथि घोषित कर दी जाती है और सीमित संख्या में ही सिलेंडर वितरित किए जाते हैं। ऐसे में लंबी कतार में घंटों इंतजार करने वाले कई उपभोक्ताओं को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन करीब 70 सिलेंडरों का ही वितरण किया जा रहा है, जो मांग के अनुपात में काफी कम है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था में सुधार करते हुए पहले से ही यह जानकारी दी जानी चाहिए कि किस दिन किस तारिक के उपभोक्ताओं को गैस दी जाएगी , साथ ही, उपभोक्ताओं ने लोड में आने वाले सिलेंडरों की संख्या बढ़ाए जाने की भी मांग की है।

शहर में रसोई गैस वितरण को लेकर उत्पन्न विवाद और अव्यवस्था के बीच प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कोतवाली थाना परिसर के सामने गैस वितरण केंद्र शुरू किया, लेकिन यह नई व्यवस्था भी उपभोक्ताओं के लिए राहत देने के बजाय नई परेशानियां खड़ी करती नजर आ रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग कोतवाली के सामने पहुंच रहे हैं। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और छोटे बच्चों के साथ लोग लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई उपभोक्ता सुबह तड़के ही लाइन में लग जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें गैस मिलने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती। स्थिति तब और अधिक जटिल हो जाती है, जब कई घंटे बाद मौके पर पहुंचे गैस एजेंसी के कर्मचारी यह जानकारी देते हैं कि उस दिन केवल पूर्व निर्धारित तिथि की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही गैस वितरित की जाएगी। इससे लाइन में खड़े कई लोगों को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ता है, जिससे उनमें नाराजगी और असंतोष बढ़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि गैस बुकिंग के समय मिलने वाले ओटीपी संदेश में ही गैस वितरण की निर्धारित तिथि का उल्लेख कर दिया जाए, तो उन्हें अनावश्यक रूप से लाइन में लगने और बार-बार चक्कर लगाने से बचाया जा सकता है। इसके अलावा वितरण केंद्र पर भी एक स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाया जाना चाहिए, जिसमें यह बताया जाए कि किस दिनांक तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को गैस प्रदान की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here