स्पैम मेल से परेशान BCCI:सिलेक्टर्स के लिए तेंडुलकर, धोनी और सहवाग के रिज्यूमे भी मिले; इंजमाम भी बनना चाहते हैं चयनकर्ता

0

BCCI सीनियर टीम के लिए नेशनल सिलेक्शन कमेटी बनाने के प्रॉसेस में जुटी है। बोर्ड के लिए यह काम आसान नहीं है, लेकिन कुछ शरारती लोग इस मौके को भी मजाक के तौर पर ले रहे हैं। BCCI के अफसरों ने जब सिलेक्शन कमेटी के लिए आए एप्लिकेंट्स की खोज के लिए ईमेल बॉक्स चेक किया तो वो हैरान रह गए।

दरअसल, इस मेल बॉक्स में सचिन तेंडुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग के नाम से भी रिज्यूमे भेजे गए थे। हद तो तब हो गई जब टीम इंडिया के सिलेक्टर बनने की रेस में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक का नाम भी मिला। हालांकि, यह सभी स्पैम मेल थे। लिहाजा इनकी कोई अहमियत नहीं थी।

सिर्फ मजाक की कोशिश
न्यूज एजेंसी PTI ने इस मामले की जानकारी दी है। एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक- कुछ लोग स्पैम मेल के जरिए बोर्ड से मजाक करना चाहते थे और इन्हें गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए।

BCCI को अब तक करीब 600 ईमेल मिले हैं। इनमें से कुछ फेक ईमेल IDs से भेजे गए हैं। इनमें ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर, कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी और मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र के नाम से हैं। सबसे रोचक मामला तो पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और बेहतरीन बैटर इंजमाम उल हक का है। वैसे, इंजमाम पाकिस्तान टीम के चीफ सिलेक्टर रह चुके हैं। उस दौर में उन पर सिलेक्शन में भाई-भतीजावाद चलाने का आरोप लगा था। उनके भतीजे इमाम उल हक को पाकिस्तान टीम में शामिल किया गया था। इमाम अब तक टीम में हैं।

पांच मेंबर चुने जाने हैं
BCCI की नेशनल सिलेक्शन कमेटी में चीफ सिलेक्टर के अलावा चार और मेंबर होंगे। इसके लिए पहले 10 नाम शॉर्ट लिस्ट किए जाएंगे। बोर्ड के एक अफसर ने कहा- कुछ लोग सिलेक्शन कमेटी के नाम पर मजाक कर रहे हैं। इससे हमारा वक्त बर्बाद होता है। हालांकि, हम अपना काम गंभीरता से कर रहे हैं और जल्द ही 10 नामों का एक पूल तैयार कर लेंगे। CAC इनमें से 5 नाम फाइनल करेगी।

CAC में तीन मेंबर्स हैं। इनके नाम हैं- अशोक मल्होत्रा, जतिन परांजपे और सुलक्षणा नायक। ये तीनों ही सिलेक्शन कमेटी का गठन करेंगे।

पुरानी सिलेक्शन कमेटी बर्खास्त

  • पिछले महीने टी-20 वर्ल्ड कप में मिली हार के बाद बोर्ड ने पूरी सिलेक्शन कमेटी बर्खास्त कर दी थी। हालांकि, नई कमेटी चुने जाने तक इसके सदस्य अस्थायी तौर पर काम को अंजाम दे रहे हैं। देवाशीष मोहंती कोलकाता में हैं और वहां बंगाल-हिमाचल प्रदेश का मैच देख रहे हैं। पूर्व चयन समिति में चेतन शर्मा चीफ सिलेक्टर थे।
  • चेतन के अलावा हरविंदर सिंह, सुनील जोशी और देवाशीष मोहंती इस सिलेक्शन कमेटी में थे। इनमें से कुछ 2020 तो कुछ 2021 में सिलेक्टर बने थे। आमतौर पर सीनियर सिलेक्शन कमेटी का कार्यकाल चार साल का होता है।
  • BCCI की एपेक्स काउंसिल को बुधवार को सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट्स की लिस्ट जारी करनी थी। हालांकि, ये मुमकिन इसलिए नहीं हो सका क्योंकि बोर्ड के पास फिलहाल नेशनल सिलेक्शन कमेटी नहीं हैं।
  • नई सिलेक्शन कमेटी ही श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली होम सीरीज के लिए टीम चुनेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here