हरियाणा में कांग्रेस को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, बैठकों का दौर जारी

0

कांग्रेस में प्रशांत किशोर के आने की चर्चा के बीच हरियाणा कांग्रेस में एक अहम बदलाव हो सकता है। उम्मीद हैं कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है। हरियाणा कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा के लिए प्रभारी विवेक बंसल ने कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात कर इस संबंध में उनसे चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में बंसल के साथ कुलदीप विश्नोई भी मौजूद रहे। इसके पहले सोमवार देर शाम, हरियाणा के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विवेक बंसल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रभारी को सर्वसम्मति से पार्टी नेताओं से बातचीत कर कुछ नाम सुझाने को कहा था। जिसके बाद मंगलवार को विवेक बंसल वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात करने पहुंचे।
वहीं हरियाणा नेताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के वॉर रूम कहे जाने वाले 15 जीआरजी (गुरुद्वारा रकाबगंज रोड) में कई घंटे की बैठक की थी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस संगठन महासचिव वेणुगोपाल, अंबिका सोनी और ए.के. एंटनी शामिल हुए। दरअसल इस बैठक से पहले प्रदेश अध्यक्ष के लिए हुड्डा खेमे की ओर से हाईकमान के समक्ष कुछ नाम सुझाए गए थे। इनमें राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और पूर्व विधायक उदयभान के नाम शामिल हैं। अब कहा जा रहा है कि हाईकमान की ओर से चार बार विधायक रहे उदयभान के नाम पर सहमति बनाने को कहा गया है। उदयभान अनुसूचित जाति के हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here