हर्षोल्लास के साथ मनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती

0

नगर मुख्यालय के पांढरवानी रोड़ स्थित लॉन में छत्रपति शिवाजी कुनबी समाज लालबर्रा के द्वारा २४ फरवरी को मराठा साम्राज्य की नींव रखने वाले भारत के महान राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम छत्रपति शिवाजी कुनबी समाज पूर्व जिलाध्यक्ष झीटूलाल कानतोड़े के मुख्य आतिथ्य, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष ज्ञानीराम अंगुरे की अध्यक्षता एवं पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मनीराम भोयर के विशेष आतिथ्य में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्र्यापण किया और उनके बताये मार्ग पर चलने का सभी ने संकल्प लिया। जिसके बाद दोपहर २ बजे कार्यक्रम स्थल से डीजे की धुन पर जय-जय छत्रपति शिवाजी महाराज के नारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची जहां मंचीय कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस दौरान युवा-युवतियों के द्वारा जमकर नृत्य भी किया गया एवं जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई। साथ ही इस शोभायात्रा में छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवंत झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों के द्वारा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज मराठा साम्राज्य की स्थापना करने वाले महान वीर योध्दा है जिनकी वीरगाथाएं इतिहास के पन्नों पर दर्ज है जिन्होने मुगलों के खिलाफ कई युध्द लड़े और उन्हे परास्त किया है इसलिए हम सभी को उनके बताये मार्ग पर चलकर समाज व देशहित में काम करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here