हवा के रुख से MP में फिर बदला मौसम:बादल छाने से 3 डिग्री लुढ़का दिन का पारा; 3 दिन ऐसा ही रहेगा

0

हवा का रुख बदलने से मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज भी बदल गया है। बादल छाने से दिन का तापमान 3 डिग्री तक लुढ़क गया है। अगले 3 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। इससे तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, 25 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोप एक्टिव होगा। इससे रात में गर्मी बढ़ जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में दिन-रात के पारे में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम हवाएं चलने से हवा में नमी आ गई। वहीं, बादल भी छा गए हैं। इस कारण सूरज की रोशनी जमीन तक आते-आते थोड़ी कमजोर हो गई और दिन के तापमान में गिरावट आई है। अगले 3 दिन तक पारे में ऐसी ही गिरावट रहेगी। ज्यादातर शहरों में 32 डिग्री तक तापमान रहेगा। रात में 11 से 12 डिग्री के बीच तापमान रहेगा। सुबह 5 से 7 बजे के बीच हल्की ठंड भी रहेगी।

रात में गर्मी बढ़ेगी
मौसम विभाग के अनुसार, 25 फरवरी से पश्चिमी विक्षोप फिर आ रहा है। हालांकि, मध्यप्रदेश में इसका ज्यादा असर नहीं रहेगा, लेकिन रात में गर्मी का असर जरूर बढ़ जाएगा। तापमान 13 से 14 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मार्च के पहले ही सप्ताह तेज गर्मी
28 फरवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह में गर्मी का असर तेज हो जाएगा। दिन और रात दोनों ही पारे में बढ़ोतरी होगी। मार्च में ही लू चलने के आसार भी बनेंगे।

35 डिग्री के नीचे आया पारा
मौसम विभाग के अनुसार, दिन का तापमान 35 डिग्री के नीचे आ गया है। दो दिन पहले कई जगहों पर 36-37 डिग्री तक तापमान पहुंच गया था। पचमढ़ी में तापमान 27 डिग्री तक आ गया है। प्रदेश में यहां पर सबसे कम तापमान है।
रात की बात करें तो नरसिंहपुर में तापमान 17 डिग्री है। वहीं, ग्वालियर, इंदौर, सिवनी, सीधी में 16 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। बाकी जगहों पर तापमान 15 डिग्री से कम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here