धार का बदनावर इस समय चर्चाओं का विषय बन गया है। धार में हर तरफ सिर्फ इसी बारे में बातें हो रही है। यहां एक होटल में रुकी युवती ने प्रदेश के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव को रेपिस्ट कहा था। हालांकि, बाद में युवती ने सभी बातों का खंडन भी कर दिया। बावजूद इसके मामला अभी तक ठंडा नहीं हुआ है।
मामले को अच्छे से समझने के लिए दैनिक भास्कर पेटलावद रोड पर स्थित ‘प्राची श्री’ होटल पहुंचा। यह वही होटल है, जहां युवती ने मंत्री पर आरोप लगाए थे। यहां के सभी दरवाजे बंद मिले। सभी दरवाजों पर ताले लटके थे। होटल के आसपास का इलाका एकदम सूनसान। यहां कोई कर्मचारी नहीं था। होटल मालिक को कॉल किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। हालांकि, पुलिस भी मालिक की तलाश कर रही है।
पहले समझते हैं पूरा मामला क्या है
बुधवार को एक युवती और 2 युवक ‘प्राची-श्री’ होटल में रुके थे। होटल के कर्मचारी ने मालिक को इनके बारे में बताया। मालिक नितिन नांदेचा आए। उन्होंने युवती से आईडी कार्ड मांगा। जिसके बाद युवती आक्रोशित हो गई और बहस करने लगी। इसी दौरान युवती साक्षी पांडे ने मंत्री दत्तीगांव को रेपिस्ट कहते हुए कई अपशब्द कहे। उस वक्त वहां होटल मालिक नांदेचा, भाजपा नेता चंद्रभान सिंह सोलंकी और युवती के साथ आए दो युवक मौजूद थे। इस बीच किसी ने होटल मालिक और साक्षी के बीच हो रही बहस का वीडियो बना लिया। जो बुधवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद कई तरह की बातें सामने आ रही हैं।
युवती ने किया था खंडन
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद युवती साक्षी पांडे ने बुधवार देर रात एक नया वीडियो जारी कर मामले में अपना पक्ष रखने की कोशिश की। वीडियो में साक्षी ने बताया कि मेरे नाम से एक वीडियो फैल रहा है। वह झूठा है। इसका मुझसे और दत्तीगांव से कोई लेना-देना नहीं है। युवती ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। हालांकि, वीडियो में साक्षी खुद मीडिया के सामने जाने की बात कह रही थी।
होटल पर ताला, घर पर कोई नहीं
दैनिक भास्कर की टीम ‘प्राची-श्री’ होटल पहुंची तो यहां ताला लगा हुआ था। 2 दिन पहले यहां इतना बड़ा मामला हुआ। वहां आज एक कर्मचारी तक नहीं है। होटल के 3 मुख्य दरवाजों पर बाहर से ताला लटका है। आसपास के लोगों ने बताया कि गुरुवार शाम के बाद से ही होटल में कोई नहीं आया। यहां सब शांत देख भास्कर मंडी रोड पर स्थित होटल मालिक नितिन नांदेचा के घर पहुंची। यहां न तो होटल मालिक मिले न ही उनके पिता। घर अंदर से बंद है और बाहर से ताला लगा हुआ है। घर पर एक महिला और दो बच्चे मौजूद हैं। भास्कर ने उनसे बात करने की कोशिश की लेकिन कोई सामने नहीं आया।
होटल मालिक को दी धमकी
बुधवार को होटल में हुए हंगामे के बाद गुरुवार दोपहर कुछ लोग नितिन नांदेचा के घर गए थे। यहां महिलाओं से अभद्र व्यवहार करते हुए वे लोग घर में घुसे और जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ देर बाद मालिक को ढूंढते हुए कुछ लोग होटल आए और न मिलने पर तोड़फोड़ की। बदनावर पुलिस टीम मौके पर पहुंची व पीड़ित होटल मालिक से पूरा घटनाक्रम समझा। होटल मालिक ने विजय सिंह, ओम बना और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी देना आदि क्यों हुआ, ये समझने के लिए भास्कर ने आसपास के लोगों से बात की। उन्होंने बताया कि वीडियो इसी होटल में बना था। इस वजह से कुछ लोगों को लगता है कि मंत्री दत्तीगांव की छवि खराब करने में इसी होटल के मालिक का हाथ है।
हरकतें बदल लेना, घर में घुसेंगे
होटल मालिक ने मामले में विजय सिंह सहित दो अन्य लोगों पर केस दर्ज करवाया है। FIR में जिस विजय सिंह का नाम शामिल है, वह मंत्री दत्तीगांव से जुड़ा है और उनका खासमखास है। साथ ही वह भाजपा कार्यकर्ता भी है। युवती का वीडियो सामने आने के बाद विजय ने फेसबुक पर पोस्ट पर लिखा कि हरकतें बदल लेना वरना, हालत बदल देंगे और औकात से बाहर जाओगे तो घर में घुस के मारेंगे। पोस्ट के बाद ही होटल मालिक के घर और होटल पर तोड़फोड़ और मारपीट हुई।
शपथ पत्र दिया, हमारा कोई संबंध नहीं
केस दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह क्षेत्र के भाजपा नेता एसडीओपी ऑफिस बदनावर गए। यहां प्रकरण में शामिल तीनों आरोपियों की ओर से शपथ पत्र देकर बताया गया कि इनका घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने होटल मालिक के घर के आसपास लगे कैमरों की जांच करने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि ये मारपीट और तोड़फोड़ किसी और ने की है।










































