जनपद पंचायत वारासिवनी में जनपद पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव होने के बाद अब स्थाई समितियों के गठन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। हालांकि कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा ने बकायदा इसके लिये जिले की सभी १० जनपद पंचायत में स्थाई समिति के गठन के लिये पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। वारासिवनी में यह गठन २ सितंबर को किया जाना जिसके लिये पीठासीन अधिकारी राजेन्द्र तेकाम व सह पीठासीन अधिकारी के रूप में जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिक्षा जैन को बनाया गया है। यह चुनावी प्रक्रिया प्रात:१२ बजे से प्रारंभ की जायेगी। जिसमें ७ समितियों का गठन नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यगण करेंगे।
६० ग्राम पंचायत के २२ जनपद क्षेत्र
गौरतलब है कि वारासिवनी जनपद पंचायत अंर्तगत ६० ग्राम पंचायतें आती है वही इन्ही ग्राम पंचायतों को जोड़कर २२ जनपद सदस्य चुनकर आते है। वर्तमान में जनपद पंचायत वारासिवनी में भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। ऐसे में स्थाई समिति का गठन निर्वाचन प्रक्रिया के चलते होगा या फिर सर्वसम्मति से कर लिया जायेगा इस बात का खुलासा २ सितंबर को ही हो पायेगा।
इन समितियों का होगा गठन
गौर करने की बात है कि इस दौरान शिक्षा समिति, सहकारिता उद्योग समिति, कृषि समिति, संचार व निर्माण समिति, वन समिति, स्वास्थ एवं महिला बाल विकास समिति का नाम शामिल है। सभी समितियों में सभापति सहित ५ सदस्य रहेंगे। साथ ही सभी समितियों के सदस्यों द्वारा सामान्य प्रशासन समिति का गठन किया जायेगा। इस समिति का गठन सबसे अंतिम में किया जायेगा।
७ वर्ष बाद हुआ जनपद में भाजपा का कब्जा
यहां यह बताना लाजमी है कि ७ वर्ष के बाद वारासिवनी जनपद पंचायत में भारतीय जनता पार्टी ने अपना कब्जा किया है। ऐसे में पार्टी के १२ जनपद सदस्य चुनकर आये है जिन्होने सर्वसम्मति से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचन में अपनी अहम सहभागिता निभाई है। वही कुछ निर्देलीय जनपद सदस्यों का भी भाजपा को साथ मिला है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी किस सदस्य को कौन सी समिति का सभापति बनाती है यह देखने का विषय होगा।
स्थाई समिति के गठन को लेकर तैयारी प्रारंभ – सुश्री दिक्षा जैन
इस संबंध में पद्मेश को दूरभाष पर जानकारी देते हुये जनपद पंचायत सीईओं सुश्री दिक्षा जैन ने बताया कि हमने सभी २२ जनपद सदस्य जिसमें अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भी शामिल है। पत्र भेजकर उन्हे २ सितंबर को होने वाले स्थाई समिति निर्वाचन के संबंध में सूचना दे दी है। हमारे द्वारा यह निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक ढ़ंग से तहसीलदार राजेन्द्र टेकाम के मार्गदर्शन में संपन्न कराई जायेगी।










































