संभावित रूप से बेहद संक्रामक बताए जा रहे कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले कई और देशों में पाए गए हैं। सबसे ज्यादा नीदरलैंड में ओमिक्रोन के 13 मामलों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जर्मनी, इटली, बेल्जियम, इजरायल, हांगकांग में भी कोरोना के इस नए वैरिएंट के मामले पाए गए हैं। ओमिक्रोन में डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले दोगुना तेजी से म्युटेशन हो रहा है। अब तक कम से कम नौ देशों में ओमिक्रोन के मामले पाए जाने की पुष्टि हो चुकी है। इस सूची में शामिल होने वाले नए देशों में आस्ट्रेलिया और डेनमार्क हैं, जहां ओमिक्रोन के दो-दो मामले मिले हैं। अब तक इस नए वैरिएंट के मामले ब्रिटेन, इटली, नीदरलैंड, बेल्जियम, बोत्सवाना, इजरायल और हांगकांग में पाए जा चुके हैं। ओमिक्रोन के बढ़ते दायरे के बीच दक्षिणी अफ्रीकी देशों के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध लगाने वाले देशों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। यात्रा संबंधी पाबंदियां लगाने वाले नए देशों में न्यूजीलैंड, थाइलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर और मालदीव शामिल हैं। इससे पहले श्रीलंका, सऊदी अरब, ब्राजील, कनाडा, इजरायल, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ईरान, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका प्रतिबंध लगा चुके हैं। हालांकि, मेक्सिको ने ओमिक्रोन को रोकने के लिए यात्रा पाबंदियों को बहुत अधिक कारगर नहीं बताया है और कुछ देशों द्वारा उठाए गए कदमों को भी अपर्याप्त करार दिया है।
10 अफ्रीकी देश यात्रा प्रतिबंधों के दायरे में
दुनिया भर में दक्षिणी अफ्रीकी जिन देशों के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं उनकी संख्या भी बढ़ती जा रही है। पहले सात देशों को लेकर ये पाबंदियां लगाई थी, जिनमें चार देश और जुड़ गए हैं। अब कुल 10 अफ्रीकी देश यात्रा प्रतिबंधों के दायरे में आ गए हैं। इनमें अंगोला, मालावी, मोजांबिक, जांबिया, बोत्सवाना, इस्वातिनी (पुराना नाम स्वाजीलैंड़), लेसेथो, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल हैं।
तेजी से फैल रहा ओमिक्रोन, कई और देशों में मिले मामले
– नीदरलैंड में 13 संक्रमित पाए गए, जर्मनी, इटली, हांगकांग में भी ओमिक्रोन की पुष्टि
– कई और देशों ने यात्रा प्रतिबंधों का किया एलान, पाबंदियों वाली सूची में चार और अफ्रीकी देश शामिल
– ब्रिटेन में बाजार, शापिंग माल और सार्वजनिक परिवहन में फेस मास्क लगाना अनिवार्य
– दूसरे देशों से ब्रिटेन आने वालों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट अनिवार्य, निगेटिव जांच रिपोर्ट आने तक आइसोलेशन में रहना जरूरी
-आस्ट्रेलिया में नौ अफ्रीकी देशों से आने वालों के लिए अनिवार्य क्वारंटाइन
– इजरायल में विदेशियों के आने पर दो हफ्ते की रोक, बाहर से आने वाले इजरायली नागरिकों के लिए अनिवार्य क्वारंटाइन