गुजरात के गांधीनगर में 11 वार्ड की 44 सीटों पर रविवार को मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी हीराबा भी मतदान करने पहुंची। 100 साल की उम्र में हीराबा खुद बूथ तक चलकर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी इस पहल से अन्य लोगों को भी मताधिकार का प्रयोग करने की प्रेरणा मिलेगी। इस बार यहां भाजपा के साथ ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है। बता दें, इन 11 वार्डों में 44 सीटों के लिए अप्रैल में मतदान होना था, COVID-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया था। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि परिणाम 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
इससे पहले गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव के लिए प्रचार शुक्रवार शाम को समाप्त हुआ। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सत्तारूढ़ भाजपा के लिए रोड शो किया। गांधीनगर में 2.8 लाख पंजीकृत मतदाता हैं। 2016 में वार्ड की संख्या 8 थी। हर वार्ड में 4 सीट हैं। अब वार्ड की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पिछले चुनावों में भाजपा और कांग्रेस, दोनों ने 16-16 सीट पर जीत दर्ज की थी।
आम आदमी पार्टी के कारण त्रिकोणीय मुकाबला
इस बार आम आदमी पार्टी के मैदान में होने के कारण त्रिकोणीय मुकाबला होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी का दावा है कि गुजरात के लोग उसे भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में देख रहे हैं। AAP के मनीष सिसोदिया ने 29 सितंबर को रोड शो किया, वहीं कांग्रेस ने इस बार छोटी-छोटी बैठकों और घर-घर जाकर प्रचार पर ज्यादा जोर दिया। बीजेपी ने आखिरी वक्त में पेथापुर से कुडासन तक 20 किलोमीटर का रोड शो किया, जिसमें गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और राज्य इकाई के प्रमुख सीआर पाटिल ने हिस्सा लिया था।
ओखा और थारा नगर पालिकाओं में भी मतदान 3 अक्टूबर को हो रहा है, जबकि भानवड़ नगरपालिका में मध्यावधि चुनाव होंगे। इसके अलावा स्थानीय निकायों में 104 रिक्त सीटों को भरने के लिए उपचुनाव होंगे।