14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

0

आजादी के 75 वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में घर-घर तिरंगा अभियान के रूप में मनाया जा रहा है इसके साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई थी। इस तारतम्य में नगर के मुख्य डाकघर बालाघाट में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो मध्यप्रदेश शासन के आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे और नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर के प्रमुख उपस्थिति में हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विस्तार पूर्वक बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस क्यों मनाया जा रहा है 15 अगस्त के दिन स्वतंत्रता दिवस पूरे देश भर में मनाया जाता है लेकिन 14 अगस्त के दिन को याद किए जाने की क्यों आवश्यकता है। जिसको लेकर आजादी के दौरान हुई घटनाओं को याद दिलाने प्रधान डाकघर बालाघाट में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन कर आमजनों को जानकारी से अवगत कराने का कार्य किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे ने बताया कि देश को आजादी दिलाने अनेक वीर शहीद हो गए। शायद उन्हें यह पता नहीं था देश आजाद होगा और विभाजन की परिस्थिति बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई थी। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर ने कहा कि 14 अगस्त का दिन हर किसी की जानकारी में नहीं है कि इस दिन क्या हुआ था, देश को आजाद कराने जो लोग शहीद हो गए उनके परिवार के लोगों ने क्या पीड़ा झेली। उसको याद करने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। इसलिए सभी जिलेवासी तिरंगा अभियान को लेकर आगे बढ़े और घर-घर में तिरंगा लहराए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान डाकघर बालाघाट के संभागीय अधीक्षक जे के कावड़े ने बताया कि तिरंगा झंडे के प्रति लगाव पैदा करने तथा देशभक्ति के प्रति सम्मान करने तिरंगा अभियान चलाने का संकल्प लिया गया है। डाक विभाग की अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है इसके लिए जिले के सभी प्रधान डाकघर, उप डाकघर, शाखा डाकघर एवं ग्रामीण क्षेत्रो में हमारे डाक कर्मचारियों द्वारा तिरंगा झंडे की लगातार विक्रय सुविधा उपलब्ध कराई गई। 15 अगस्त तक अवकाश के दिन भी झंडा विक्रय के लिए रखा गया, यही आम जनता से आग्रह है ग्रामीण लोग भी इस अभियान से जुड़े और तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here