भारतीय क्रिकेट टीम के आईसीसी टी20 विश्वकप के आठवे सत्र से बाहर होते ही खिताब जीतने की उम्मीदें फिर टूट गयी हैं। इसी के साथ ही एक बार फिर टीम इंडिया खिताब के करीब पहुंचकर भी उसे हासिल नहीं कर पायी है। भारतीय टीम करीब एक दशक से कोई खिताब नहीं जीत पायी है। उसने अंतिम बार साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। उसके बाद से ही टीम ने 4 टी20 विश्व और दो एकदिवसीय विश्व कप खेले हैं पर उसके सभी में नाकामी का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा उसे 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी और पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भी खिताबी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारत ने 96 खिलाड़ियों को उतरा पर ये सभी खिलाड़ी 9 साल में एक भी खिताब नहीं जिता पाये। पिछले साल तो टीम टी20 विश्व कप के सुपर-12 से ही बाहर हो गई थी।
वहीं साल 2014 टी20 विश्व कप की बात करें, तो भारत ने फाइनल तक का सफर किया पर यहां उसे श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2016 टी20 विश्वकप में वेस्टइंडीज ने भारत को सेमीफाइनल में 7 विकेट से हराया जबकि 2021 में टीम सुपर-12 से ही बाहर हुई और अब उसके सेमीफाइनल में भी हार का सामना करना पड़ा। साल 2015 के एकदिवसीय विश्वकप में टीम इंडिया सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। वहीं 2019 के अंतिम-4 के मुकालबे में उसे न्यूजीलैंड ने हराया था। साल 2017 चैंपियंस ट्रॉफी की बात करें, तो भारत को पाकिस्तान ने हराया था। इसके अलावा 2021 में खेले गए पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उसे न्यूजीलैंड के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा।










































