इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र के लिए अगले माह 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली नीलामी में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स सहित इन विदेशी खिलाड़ियों पर मोटी रकम लग सकती है। आईपीएल के 16 सत्र के लिए नीलामी की रकम को भी 90 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 95 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पिछली बार हुई मेगा नीलामी में 107 कैप्ड खिलाड़ी और 97 अनकैप्ड (गैरअनुभवी) खिलाड़ी बिके थे। इस दौरान कुल 551.7 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
बेन स्टोक्स : इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पिछले तीन साल से सीमित ओवरों के क्रिकेट में विश्व के सबसे आक्रामक खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने अब तक 43 टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही आईपीएल मैच खेले हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 585 रन बनाने के अलावा 26 विकेट भी लिए हैं। आईपीएल में उनके नाम 920 रन और 28 विकेट हैं। स्टोक्स ने आईपीएल में दो शतक भी लगाये हैं। टी20 विश्वकप में इंग्लैंड की जीत में उनकी अहम भूमिका रही है।
सैम करेन : इंग्लैंड के तेज गेंदबाज सैम करेन टी20 विश्व कप 2022 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं। उन्होंने 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 158 रन बनाने के अलावा 41 विकेट भी लिए हैं। वहीं, 32 आईपीएल मैचों में करेन ने दो अर्धशतकों की सहायता से 337 रन बनाए हैं। उनके नाम 32 विकेट भी दर्ज है।
रिली रोसू : दक्षिण अफ्रीका के 33 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज रिली रोसू ने पिछले एक माह में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक सिर्फ 5 आईपीएल मैचों खेले हैं। इस बल्लेबाज ने पिछले 8 मैचों में दो शतक लगाये हैं। उन्होंने 26 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 156 की स्ट्राइक रेट से 699 रन बनाये हैं।
जोशुआ लिटिल : आयरलैंड के 23 वर्षीय गेंदबाज जोशुआ लिटिल पिछले कुछ समय से टी20 क्रिकेट में छाये हुए हैं। बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने टी20 विश्व कप 2022 में हैट्रिक भी लगायी है। इस विश्व कप में उन्होंने 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 53 मैचों में 62 विकेट दर्ज है।
कैमरन ग्रीन : ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय में करीब 174 की स्ट्राइक रेट से 139 रन बनाया है। जिसमें दो शानदार अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 5 विकेट भी लिए है।










































