जिले में चल रहे वृहद स्तर पर कोविड टीकाकरण अभियान में अब तक 44 हजार 635 लोगो को कोविड वैक्सीन का प्रथम टीका लगाया जा चुका है। कलेक्टर मयंक अग्रवाल के निर्देशन में लगातार कोविड टीकाकरण कार्य प्रगति पर है। सीएमएचओ डा. महेश मालवीय ने बताया कि बुधवार की स्थिति में जिले में हेल्थ केयर वर्कर तीन हजार 935, फ्रंटलाइन वर्कर राज्य शासन और सीआरपीएफ सहित छह हजार 631, जिले के 45 से 59 वर्ष के नागरिक 12 हजार 245 और 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग 21 हजार 824 लोगों को कोरोना की प्रथम डोज दी जा चुकी है।
इस प्रकार जिले में कुल 44 हजार 635 लोगो को कोविड वैक्सीन की प्रथम खुराक दी जा चुकी है। 10 हजार 40 लोगों को निर्धारित अवधि अनुसार दूसरी डोज भी दी जा चुकी है। राज्य शासन से प्राप्त कुल वैक्सीन में से 54 हजार 675 डोज वैक्सीन जिले वासियों को सुरक्षित तरीके से लगाईं गई है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. एमएल मालवीय ने बताया कि एक जनवरी 1977 से पूर्व जन्मे सभी नागरिक कोविड का टीका अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर लगवाए यह सुरक्षितए हानिरहित और कोरोना को हराने में असरकारक है। शहर में चार सेंटर महिला बस्तीगृह, रेडक्रोस सोसायटी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नीमच सिटी व संजीवनी क्लिनिक बघाना में लगातार टीका लगाया जा रहा है। जिले के तीनों विकास खंड पालसोड़ा, मानसा व डिकेन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण कार्य जारी है। वैक्सीन लगने के बाद भी कोविड अनुकूल व्यवहार करें। जिले में अब सप्ताह के चार दिन ही कोविड टीकाकरण किया जाएगा। सीएमएचओ डा. महेश मालवीय ने बताया कि सप्ताह के दो दिन मंगलवार व शुक्रवार को शहर के महिला बस्तीगृह में कोविड टीकाकरण होगा। इसके अलावा सप्ताह के चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार व शनिवार को अन्य केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
लोगों में उत्साह
जिले में कोविड टीकाकरण का अभियान निरंतर जारी है। कलेक्टर मंयक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में 29 टीकाकरण केंद्रों पर कोविड का टीका लगाया जा रहा है। लोग उत्साहपूर्वक टीकाकरण केंद्रों पर पहुचंकर कोविड का टीका लगवा रहे है। माहेश्वरी मोहल्ला नीमच निवासी 46 वर्षीय कृष्णा बाई और यादव मंडी की 50 वर्षीय लक्ष्मीबाई जाटव ने गुरूवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नीमच सिटी में कोविड का टीका लगवाया है। इसी तरह इंदिरा नगर की 57 वर्षीय कालू सिंह चौहान और उनकी पत्नि पुष्पा चौहान व हुडकों कालोनी नीमच के 58 वर्षीय दिलीप टेलर ने महिला बस्तीगृह पर उत्साहपूर्वक कोविड का टीका लगवाया है।










































