प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत बूढ़ी आईटीआई के पीछे बनाए जा रहे ईडब्लूएस मकानों से लोगों का मोहभंग हो रहा है। पूर्व से ही फ्लैट बुक करने वाले हितग्राही रोजाना ही बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी बुकिंग वापस ले रहे हैं। फ्लेट कैंसिल कराने की असली वजह बैंक एग्रीमेंट की शर्त और नगर पालिका द्वारा कुछ माह पूर्व नए नियम के अनुसार ईडब्ल्यूएस मकानों का दाम बढ़ाए जाना बताया जा रहा है।
स्लम एरिया में रहने वाले हितग्राहियों से कुल 2 लाख रु और स्लम को छोड़कर अन्य परिसर में रहने वाले हितग्राहियों को 3 लाख 50 हजार रु में मकान दिए जाने की बात कही गई थी जिसमें बैंक एग्रीमेंट के आधार पर अलग से ब्याज लग रहा था।
जिससे परेशान होकर कई हितग्राहीयो ने बुक किए गए ईडब्ल्यूएस मकान कैंसिल कराया था वहीं कुछ हितग्राहियों ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अपनी बुकिंग कैंसिल करा ली थी लेकिन अब एक बार फिर से जारी किए गए इस नियम को बदल दिया गया है और अब नगरी क्षेत्र के सभी हितग्राहियों को कुल 2 लाख रु में ही ईडब्ल्यूएस फ्लैट देने की बात नगर पालिका द्वारा कही जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बूढ़ी आईटीआई के पीछे नपा द्वारा ईडब्ल्यूएस मकानों का निर्माण कराया जा रहा है जिसमें रहने की इच्छा जाहिर कर 525 लोगों ने 20 हजार रु का टोकन देकर ईडब्ल्यूएस मकानों की बुकिंग कराई थी जिसमें से अब तक 160 से अधिक हितग्राही अपनी बुकिंग कैंसिल करा चुके हैं।
इस पूरे मामले के संदर्भ में की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया ने बताया कि लोगों को एलआईजी, एमआईजी और ईडब्ल्यूएस के प्लाट लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा हैं सभी लोगों से रजिस्ट्रेशन कराने को कहा है मकानों का आवंटन रद्द नहीं किया गया है जिन लोगों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है उन सभी को मकानों का आवंटन किया जाएगा एक कॉलम में हमारे 36 फ्लैट है सभी को फ्लैट एक लाइन से भरा जाना है कुछ बुजुर्गों को ऊपर के फ्लैट मिले है नई प्रकिया में बुजुर्गों के लिए नीचे के फ्लैट आरक्षित किए जाएंगे। नंबरिंग , टोकन पद्धति या ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत पारदर्शिता के साथ मकान नंबर लाइन से दिए जाएंगे।









































