नए साल के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 2 जनवरी को सर्राफा बाजार में सोना 246 रुपए महंगा होकर 55,113 रुपए पर पहुंच गया है।
चांदी में साढ़े 68 हजार के पार
अगर चांदी की बात करें तो ये साढ़े 68 हजार के पार निकल गई है। सर्राफा बाजार में आज ये 435 रुपए महंगी होकर 68,527 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। 31 दिसंबर को ये 68,092 हजार पर थी।
64,000 तक जा सकते हैं सोने के दाम
आर्थिक अनिश्चितता के बीच RBI जैसे दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने सोने का भंडार बढ़ाया है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, केंद्रीय बैंकों की तरफ सोने की खरीदारी बढ़ना सकारात्मक संकेत है। इससे सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। अजय केडिया ने कहा कि 2023 में सोना 64,000 रुपए तक पहुंच सकता है।
सोने-चांदी के लिए अच्छा रहा 2022
2022 में सोने-चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिली। बीते साल सोना 48,279 रुपए से बढ़कर 54,867 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। यानी 2022 में सोने के दाम में 6,588 रुपए की तेजी आई। वहीं चांदी की बात करें तो ये 62,035 रुपए से बढ़कर 68,092 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यानी 2022 में इसकी कीमत में 6,057 रुपए की तेजी आई है।